
इस महिला नक्सली पर एक लाख का था इनाम, गिरफ्तार कर पुलिस ने बताई कई अहम बातें...
इस महिला नक्सली पर एक लाख का था इनाम, गिरफ्तार कर पुलिस ने बताई कई अहम बातें...
कोण्डागांव. मर्दापाल थाना क्षेत्र के तुमड़ीवाल के जंगल से फोर्स ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद महिला जनमिलिशिया कमाण्डर बुकाल उर्फ बुकाली पिता गागरु कोर्राम(20) को गिरफ्तार किया है। उस पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम रखा था।
जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी...
थाना प्रभारी मर्दापाल के नेतृत्व में बुधवार को माओवादी सर्चिंग पर सुरक्षा बलों की एक पार्टी रवाना हुई थी। सर्चिंग के दौरान कोटमेटा-तुमड़ीवाल जंगल के पास पहले से घात लगाए माओवादियों ने पुलिस पार्टी की पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस पार्टी की जवाबी कार्रवाई के बाद माओवादी जंगल की ओर भागने लगे।
पीछा करते हुए एक महिला माओवादी को धर दबोचा
पुलिस पार्टी ने पीछा करते हुए इसमें से एक माओवादी जनमिलिशिया कमांडर बुकाल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिला माओवादी पर मर्दापाल थाने में अपराध कायम किया गया है। एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि पकड़ी गई महिला माओवादी जनमिलिशिया कमांडर है। उस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था। ज्ञात हो, जिले में आईजी, डीआईजी व एएसपी के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही हैं।
इन वारदातों में थी शामिल
गिरफ्तार महिला माओवादी बुकाल ने बताया कि वह त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव के दौरान नवागांव से मतदान पेटी लूट कर ले जाने, पुलिस पार्टी को नुकसान पहुचाने व हथियार लूटने की नियत से पार्टी पर फायरिंग करना, कोटियाराम नाग व मंगयाराम कश्यप तुमड़लीवाल के घर से समान लूट ले जाने में शामिल थी। उस पर वर्ष 2015 व 2018 में मामला दर्ज किया गया है।
Published on:
5 Apr 2018, 8:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.