
कोण्डागांव. पूछताछ के नाम पर थाना परिसर में एक प्रशिक्षु अधिकारी के निर्देश पर युवक की पीटाई का मामला जोर पकड़ता जा रहा है। पीडि़त युवक के समाज व शहर के गणमान्य लोगों ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर ज्ञापन सौंपते कहा कि इस घटना में शामिल दोषी अधिकारी व जवान पर कार्रवाई नहीं की जाती है तो वे अपने तरीके से प्रदर्शन करेगें।
जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की बात कही
हालंकि एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने ज्ञापन सौंपने वालों को जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि डॉक्टरी रिपोर्ट में किसी तरह की कोई दिक्कत वाली बात सामने नहीं आई थी। इस मसले को भी जांच के दौरान देखा जाएगा। इस मौके पर राजेश डाबी, विधायक मोहन मरकाम, गीतेश गांधी, शांतिलाल सुराना, तरूण गोलछा सहित बड़ी संख्या में दर्जी समाज से जुड़े हुये लोग मौजूद थे।
अब एसपी के सामने दर्ज होंगे बयान
मामले की गंभीरता को देखते हुये एसपी ने कहा कि अब जब भी शिकायतकर्ता के परिजनों से या उनके घर हुये चोरी के मामले में कोई भी पूछताछ होगी तो वह मेरे सामने ही होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई भी थाना या कोई पुलिसवाला उन्हें किसी बात को लेकर थाने बुलाता है या उनके घर हुये चोरी के मामले में किसी तरह की चर्चा करने के लिए कहता है तो वे पहले एसपी को फोन लगाये। क्लीयर करें कि क्यों और कौन बुलवा रहा है।
जल्द हो कार्रवाई
ज्ञापन सौंपने वालों ने कहा कि पूछताछ के नाम पर मारपीट करने वाले प्रशिक्षु उपपुलिस अधीक्षक व सबइंस्पेक्टर पर जल्द कार्रवाई की जाये। ताकि कोई अन्य व्यक्ति जो पुलिस के पास न्याय मांगने जाए उन्हें इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े। ज्ञात हो पुलिस के द्वारा युवक से की गई मारपीट का मामला क्षेत्रीय विधायक मोहन मरकाम ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान भी उठाया था।
Published on:
26 Dec 2017 04:52 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
