
Koria school news, कोरिया जिला स्थित डीईओ ऑफिस (Photo- Patrika)
बैकुंठपुर। शिक्षा विभाग (Education department Koria) नया शिक्षण सत्र 2026-27 में शाला प्रवेश उत्सव मनाने की तैयारी में जुटा हुआ है। 16 जून से स्कूल खुल जाएंगे। पहले दिन से ही स्कूलों में नवप्रवेशित बच्चों को तिलक लगाकर प्रवेश उत्सव मनाएंगे। वहीं दूसरी ओर जिला विभाजन के साढ़े 3 साल बाद एमसीबी जिले के बचरापोड़ी तहसील क्षेत्र अंतर्गत 33 ग्राम पंचायत के 135 सरकारी-प्राइवेट स्कूल कोरिया के अधिकार क्षेत्र में जुड़ जाएंगे।
बता दें कि कोरिया जिले को विभाजित कर छत्तीसगढ़ का 32वां जिला एमसीबी (MCB district) बनाया गया है। नवीन जिला एमसीबी के 9 सितंबर 2022 को अस्तित्व में आने के बाद काम चल रहा है। लेकिन विभाजन के साढ़े 3 साल बाद भी कोरिया के 33 गांव में संचालित सरकारी-प्राइवेट स्कूल एमसीबी शिक्षा विभाग की देखरेख में संचालित थे।
हालांकि 5 दिसंबर 2024 को विकासखंड परिसीमन कर खडग़वां ब्लॉक के 33 गांव (एमसीबी जिला) को बैकुंठपुर ब्लॉक (कोरिया जिला) में शामिल कर लिया गया था। वहीं दूसरी ओर अक्टूबर 2025 में एमसीबी डीईओ ने स्कूलों की सूची सहित कोरिया डीईओ (Koria DEO) को संचालन करने पत्र लिखा था।
इसमें एमसीबी से हस्तांतरित सूची में 124 सरकारी और 11 प्राइवेट प्राइमरी, मिडिल, हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूल शामिल हैं। इसकी प्रक्रिया करीब 9 महीने से चल रही है। प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सभी स्कूलों को कोरिया शिक्षा विभाग नए शिक्षण सत्र से अपनी देखरेख में संचालन करेगा।
जानकारी के अनुसार, एमसीबी शिक्षा विभाग से बचरापोड़ी क्षेत्र की 33 ग्राम पंचायत के सरकारी व निजी 135 स्कूलों को कोरिया को हस्तांतरण करने के बाद कोरिया शिक्षा विभाग (Koria Education department) का कार्यक्षेत्र बढ़ जाएगा। साथ ही कोरिया डीईओ का कार्यक्षेत्र साढ़े तीन साल बाद पूरा जिला होगा। मामले में खडग़वां बीईओ से संकुलवार स्कूल की सूची लेकर अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जा रही है। स्कूलों के हस्तांतरण होने से कोरिया में 13 संकुल केंद्र और जुड़ जाएंगे।
कोरिया जिले के डीईओ जितेंद्र गुप्ता का कहना है कि नए शिक्षण सत्र में एमसीबी जिले के बचरापोड़ी तहसील क्षेत्र की 33 ग्राम पंचायत में संचालित स्कूल अब कोरिया में जड़ जाएंगे। इसमें कुल १३ संकुल केंद्र के अंतर्गत कुल 135 सरकारी-प्राइवेट स्कूल शामिल हैं।
Published on:
15 Jun 2026 09:23 pm
बड़ी खबरें
View Allकोरीया
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
