
Chhattisgarh Health Minister, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल (Photo- Patrika)
मनेंद्रगढ़। नेशनल मेडिकल कमिशन (NMC) द्वारा छत्तीसगढ़ के 5 नए मेडिकल कॉलेजों की मान्यता प्रक्रिया पर रोक लगाए जाने की खबर के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल (CG Health Minister) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। एमसीबी कलेक्टोरेट में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ज्यादा खुश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि मैच अभी बाकी है। राज्य सरकार सभी कॉलेजों को मान्यता दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि दंतेवाड़ा, कवर्धा, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा और मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेजों का निर्माण अंतिम चरण में है। राज्य सरकार ने इसी शैक्षणिक सत्र से पढ़ाई प्रारंभ कराने के उद्देश्य से एनएमसी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया था।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों के लिए निर्धारित लगभग 99 प्रतिशत मानकों और दिशा-निर्देशों का पालन किया जा चुका है तथा शेष कमियों को भी तेजी से दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनएमसी के निर्णय के विरुद्ध अपील करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध है और सरकार जल्द ही अपील दायर करेगी।
उन्हें विश्वास है कि सभी आवश्यक मापदंड पूरे होने के बाद कॉलेजों को मान्यता मिल जाएगी और इसी सत्र से छात्र-छात्राओं का प्रवेश भी प्रारंभ हो सकेगा। कांग्रेस (Health Minister attack on Congress) द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विपक्ष को पहले अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का मूल्यांकन करना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपने 5 वर्षों के शासन काल में एक भी नया मेडिकल कॉलेज शुरू नहीं कर सकी, जबकि वर्तमान सरकार एक साथ 5 मेडिकल कॉलेज शुरु करने की दिशा में कार्य कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री व पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव (Former Health Minister) पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दूसरों पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस नेताओं को अपने कार्यकाल की उपलब्धियों पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार निवेश कर रही है तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
दवाओं में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार से जुड़े कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह विपक्ष की पुरानी राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती शासनकाल से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच संबंधित एजेंसियों को सौंपी गई है तथा संदिग्ध भुगतानों पर रोक लगाने जैसी कार्रवाई भी की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Chhattisgarh CM Vishnu Dev Sai) के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मेडिकल कॉलेजों के लिए शिक्षकों की नियुक्तियां की जा चुकी हैं और अन्य आवश्यक स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया जारी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास जताते हुए कहा कि एनएमसी की आपत्तियां प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा हैं और राज्य सरकार उनका समाधान कर जल्द ही मान्यता प्राप्त करेगी। उन्होंने दोहराया कि अभी मैच खत्म नहीं हुआ है, हम पूरी तैयारी के साथ मैदान में हैं और प्रदेश के पांचों मेडिकल कॉलेज शुरु होकर रहेंगे।
Published on:
12 Jun 2026 05:44 pm
बड़ी खबरें
View Allकोरीया
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
