कोटा. पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा शनिवार को कोटा शहर के 24 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हुई। परीक्षा रविवार को भी होगी। शनिवार को सुबह 10 बजे शुरू हुई प्रथम पारी में 20 हजार से अधिक परीक्षार्थियों ने भाग्य आजमाया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से अभ्यर्थियों के आने का सिलसिला रात भर जारी रहा। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की रैलमपेल रही। परीक्षार्थियों ने रात भी बस स्टेंड, रेलवे स्टेशनों पर ही गुजारी। सुबह जल्दी उठकर परीक्षा केंद्र पहुंचे। तो शहर में चलने वाले ऑटो, टेम्पो, मिनी बस, सिटी बसें भी परीक्षार्थियों से ठसाठस रही। सुबह 9.30 बजे से पहले परीक्षार्थी अपने परिजनों के साथ केंद्रों के बाहर आ खड़े हुए। जहां पर दस बजे परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच कर केंद्र में प्रवेश दिया गया। सुबह दस बजे परीक्षा शुरू हुई, जो 12 बजे तक चली। कोटा में पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की प्रथम पारी शांतिपूर्ण पूरी हुई। परीक्षार्थियों ने बताया कि ओवरऑल पेपर सामान्य रहे। गणित के प्रश्न थोड़े कठिन रहे। वहीं राजस्थान के इतिहास, परम्परा सम्बंधी प्रश्नों ने उलझाए रखा। सामान्य ज्ञान सम्बंधी कई प्रश्न आसानी से हल हो गए।