
गड्ढों, उखडी डामर, उड़ती धूल और बड़े—बड़े कंकरों कारण यहां से निकलने वाले भारी वाहन इन में फंसकर खराब हो रहे हैं। इन गड्ढों के कारण सफर दचकों भरा हो गया है। सड़क का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह से उधड़ चुका है।

इस मार्ग को पार करने वाले वाहनों को 30 मिनट लग रहे हैं, जबकि ये वाहन ही आगे चलकर फोरलेन हाईवे पर इतनी दूरी 10 मिनट से भी कम समय में तय कर लेते हैं।

हाईवे को जोडऩे वाले इस बदहाल मार्ग की हालत यह है कि यहां वाहन चलाना भी परेशानी भरा है। मार्ग के गहरे गड्ढे दुर्घटना को निमंत्रण दे रहे हैं।

सड़क को दुरस्त करने के लिए लोगों ने शिकायतें की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह सड़क कब सही होगी, अधिकारी भी नहीं बता पा रहे।

बड़े व भारी वाहनों के गुजरने पर जर्जर सड़क से गिट्टी उछलती है, जो पास से गुजर रहे दूसरे वाहनों पर आकर गिरती है।

नगर विकास न्यास इसका रखरखाव करता है। इस 7.5 किमी मार्ग पर 16 ब्रेकर एक तरफ बनाए हैं, लेकिन सड़क जर्जर होकर पूरी तरह से हजारों गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।

इस मार्ग से 12 हजार से ज्यादा वाहन और 60 हजार लोग निकलते हैं। सड़क पर स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, आवासीय कॉलोनियां व थाना भी है। मार्ग पर आए दिन हादसे होते हैं।