
कोटा में किराने की दुकान पर मिल रही ब्रांडेड देशी-विदेशी शराब
कोटा. हाल ही में आबकारी विभाग ने करीब 15 दिनों तक जीरो टोल रेंस अभियान चलाया, लेकिन अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश नहीं लगा पाया। हालात ये हैं कि कोचिंग सिटी में जगह जगह थडियों पर शराब की अवैध बिक्री हो रही है।
गौरतलब है कि शहर व ग्रामीण क्षेत्र में अवैध रूप से बिक रही शराब पर कार्रवाई करने के आबकारी निरीक्षकों को निर्देश दिए थे , लेकिन निरीक्षकों ने खानापूर्ति कर कुछ केस बना रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी। इधर कोचिंग सिटी के कई इलाकों में अभी भी अवैध शराब जमकर बेची जा रही है। नदीपार क्षेत्र में तो किराने की दुकान से लेकर खाली मकानों तक में अवैध रूप से शराब बिक रही है।
दिन हो रात किसी भी समय शराब मिल जाती है। रात आठ बजे बाद भी जगह-जगह अवैध शराब की बिक्री होती है। इसकी शिकायत हर स्तर पर हो चुकी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आमजन की शिकायतों के बाद संवाददाता ने क्षेत्र के हाल देखे तो ये नजारे सामने आए।
गुमटी में शराब की पेटियां
नहर के पास पत्थर मंडी मार्ग पर एक गुमटी में युवक शराब बेचता है। जब संवाददाता इसके पास गया तो इसने बताया कि शराब के ठेकेदार द्वारा इसे ब्रांच दे रखी है। सुबह ठेकेदार की गाड़ी आती है और चार-पांच पेटी शराब की उतारकर चली जाती है।
पंचर की दुकान
थर्मल गेट नंबर चार के पास पंचर बनाने की दुकान है। इस दुकान से किसी भी समय देसी व अंग्रेजी ब्रांड की शराब खरीदी जा सकती है। यहां शराब का मनमर्जी का ब्रांड मिल जाता है।
कराने की दुकान
नयाखेड़ा में अगर किसी व्यक्ति को ठण्डी बीयर पीनी है तो वह सीधा गोलू की किराने की दुकान पर जाता है। संवाददाता ने जब यहां जाकर बीयर मांगी तो वहां बैठी महिला ने पूछा की कौनसी बियर दूं। बताने पर फ्रीज के अंदर से बीयर का केन निकाल कर दे दिया।
Updated on:
15 Jun 2018 08:43 pm
Published on:
14 Jun 2018 03:05 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
