कोटा . निर्माण समिति की गुुरुवार को पार्षद रमेश चतुर्वेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर निगम के तीनों खण्डों में सड़कों के पेचवर्क के लिए 50-50 लाख रुपए के काम वार्षिक अनुबंध दर पर होंगे। वार्डों में अन्य विकास कार्य भी किए जाएंगे। यह निर्णय किया गया। बैठक में 65 करोड़ रुपए से ज्यादा के निर्माण कार्यांे की स्वीकृतियां दी गई। बैठक में निर्णय किया गया कि जिन वार्डो में 5 से 10 लाख तक के निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए, उन्हें शीघ्र प्रारम्भ करवाया जाएगा। निर्देश दिए गए कि प्रत्येक वार्ड में पार्षद की अभिशंसा पर कराए जाने वाले 40-40 लाख रुपए के निर्माण कार्यों का एस्टीमेट (तखमीना) कनिष्ठ अभियन्ता एक सप्ताह के भीतर बनाकर प्रस्तुत करें। इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में 10-10 लाख रुपए के वार्षिक अनुबन्ध के आधार पर होने वाले निर्माण कार्य भी करवाए जाएंगे। बैठक में समिति सदस्य पार्षद अतुल कौशल, विवेक राजवंशी, ओम कृष्ण गुंजल, गोपालराम मण्डा, महेश गौतम लल्ली, मोहम्मद युसुफ डक, मीना प्रजापति, चिमन बैरवा व जगदीश मोहिल तथा उपायुक्त प्रेम शंकर शर्मा आदि मौजूद थे।