
शाम को एसपी ने दी क्राइम रोकने की नसीहत, रात को लुटेरों ने उड़ाया मजाक
कोटा . एक तरफ शहर पुलिस अधीक्षक सोमवार शाम को पुलिस अधिकारियों को क्राइम मीटिंंग में अपराध रोकने की नसीहत दे रहे थे। वहीं दूसरी ओर बाइक सवार बदमाश सरेआम महिलाओं के पर्स व मोबाइल छीनकर पुलिस को खुली चुनौती देते नजर आए।
विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक साथ कई वारदात को अंजाम दिया, लेकिन पुलिस दो ही घटनाओं की पुष्टि कर रही है। एसपी अंशुमान भौमिया ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों की क्राइम मीटिंग ली। जिसमें एएसपी शहर समीर कुमार व मुख्यालय उमेश ओझा और सभी उप अधीक्षक व थानाधिकारी मौजूद थे।
इस दौरान एसपी ने सभी को माइनर व स्पेशल एक्ट में कार्यवाही के निर्देश दिए। जैसे ही मीटिंग खत्म हुई और अधिकारी बाहर निकले। विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने आधे घंटे के भीतर एक के बाद एक लूट की 3-4 वारदातों को अंजाम दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कॉमर्स कॉलेज चौराहे के आस-पास हुई घटनाओं से क्षेत्र के लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस की गाडि़ंयां भी आ गई, लेकिन बदमाश फरार हो गए।
मोबाइल छीने
विज्ञान नगर थाने के सामने से पैदल जाते समय इंद्रा कॉलोनी निवासी मीनाक्षी मंडल का मोबाइल भी बाइक सवार बदमाश छीन ले गए। छावनी निवासी संगीता विज्ञान नगर में गुरुद्वारे से पैदल लौट रही थी। गुरुद्वारे के कुछ आगे बाइक सवार बदमाश हाथ से मोबाइल छीनकर ले गए।
सूचना पर विज्ञान नगर सीआई मुनीन्द्र सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी ली। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन रात तक पुलिस के हाथ खाली थे।
ससुराल जाते समय छीना पर्स
तालेड़ा निवासी व्यापारी देवेन्द्र मंडावत पत्नी आरती के साथ कोटा घूमने आए थे। शाम 7.45 बजे वे बाइक से तलवंडी से विज्ञान नगर अपनी ससुराल जा रहे थे। किंकर अस्पताल के सामने पीछे से एक बाइक पर दो जने आए। उन्होंने बाइक पर पीछे बैठी आरती के हाथ से पर्स छीना और स्लीप लेन होते हुए फरार हो गए।
देवेन्द्र ने बताया कि आरती के पर्स में 20 हजार रुपए नकद, मोबाइल, एटीएम कार्ड व आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज थे। वे तुरंत विज्ञान नगर थाने गए तो वहां दो जने पहले से बैठे हुए थे और दो जने बाद में आए। जिनके साथ मोबाइल छीनने की घटनाएं हुई थी।
Published on:
22 May 2018 12:43 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
