
कोटा . डीसीएम रोड संजय नगर पुलिया के पास मंगलवार को चेकिंग के दौरान बाइक चालक ने चालान से बचने के लिए यातायात पुलिस कांस्टेबल को जोरदार टक्कर मार दी। इससे पुलिसकर्मी का हाथ टूट गया। पुलिस ने बाइक के नंबरों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
Weather Alert : राजस्थान में मानसून की जबरदस्त दस्तक: हाड़ौती में 13 घंटे से झमाझम बारिश
यातायात पुलिस एएसआई सत्यनारायण सुबह तीन यातायात कांस्टेबल को साथ लेकर डीसीएम रोड संजय नगर पुलिया के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान लिंक रोड नए बस स्टैंड की ओर से एक बाइक पर सवार दो युवक संजय नगर पुलिया की ओर आते नजर आए। बाइक चालक ने हेलमेट बाइक पर लटका रखा था। वहां पर ड्यूटी दे रहे कांस्टेबल अशफाक ने बाइक चालक को रोकने का प्रयास किया। बाइक चालक चालान से बचने के लिए अशफाक को जोरदार टक्कर मार कर फरार हो गया। अशफाक घायल होकर गिर पड़ा। उसे एमबीएस अस्पताल लेकर गए, जहां एक्सरे व प्राथमिक उपचार करवाया। एएसआई सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि पुलिसकर्मी के हाथ में फ्रेक्चर हो गया। बाइक चालक को उसकी गाड़ी के नंबर के आधार पर तलाश किया जा रहा है।
Read More: एक फोन की घंटी से हिल गया था बिरला का पूरा परिवार, ट्रेन की 72 सीटें और दिल्ली की 16 होटलें करवाई थी बुक
तीन थानों के बीच हुई घटना : जिस जगह पुलिसकर्मियों द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी। वह जगह तीन थाना क्षेत्रों की सीमा पर है। इसमें गुमानपुरा, विज्ञान नगर और उद्योग नगर थाना आता है। घटना तीनों थानों के बीच होने से कांस्टेबल को एक बारगी समझ नहीं आया कि वे मामला किस थाने में दर्ज करवाए। बाद में पुलिस ने पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।