
कोटा .
नयापुरा थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज गति से आई कार और बाइक की आमने-सामने इतनी जोरदार भिडंत हुई कि बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई जबकि उनका पुत्र गम्भीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दोनों वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने मृतक के छोटे पुत्र की रिपोर्ट पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार को जब्त कर लिया है।
नयापुरा पुलिस ने बताया कि केशवपुरा सेक्टर 7 निवासी ओम प्रकाश प्रजापत (65) अपने पुत्र जगदीश (37) के साथ नयापुरा से केशवपुरा की तरफ जा रहे थे। तभी किशोर सागर तालाब की पाल पर सामने से तेज गति से एक कार आई। जिससे कार और बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिडंत हो गई। हादसा होते ही बाइक सवार पिता-पुत्र गिरकर घायल हो गए। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार का चालक साइड का हिस्सा व बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को एमबीएस अस्पताल पहुंचाया। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने ओमप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। जबकि जगदीश के पैर व सिर में चोट लगने पर उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।
उप निरीक्षक धारासिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर वे अस्पताल गए थे। मृतक के छोटे पुत्र भूपेन्द्र की रिपोर्ट पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं मृतक का पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे
भूपेन्द्र प्रजापत ने बताया कि उनके पिता ओम प्रकाश व बड़े भाई जगदीश नयापुरा चम्बल टूरिस्ट के पास बावड़ी स्थित जिन बाबा के दर्शन करने गए थे। वहां से लौटते समय उनके पिता बाइक चला रहे थे जबकि भाई पीछे बैठे थे। घर लौटते समय यह हादसा हुआ। पिता जलदाय विभाग में हैल्पर से सेवानिवृत्त थे और भाई ऑटो चलाता है।
Updated on:
27 Nov 2017 10:18 pm
Published on:
27 Nov 2017 08:44 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
