
शराब के नशे में बाप ने मां को पीटा तो मासूम बेटे ने 80 फीट गहरे कुएं में लगा दी मौत की छलांग, परिवार में मचा कोहराम
बारां जिले के गांगटी गांव में गुरुवार दोपहर को दिल दहला देने वाली घटना हो गई। यहां शराब के नशे में बाप ने घर आकर मां को बेरहमी से मारा पीटा। इससे आहत होकर 14 साल के मासूम बालक ने 80 फीट गहरे कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को छीपाबड़ौद अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने धारा 174 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अटरू निवासी बनवारी प्रजापत अपनी पत्नी, बच्चा दीपक तथा काका ससूर व काकी सास के साथ सारथल थाना क्षेत्र के गांगटी गांव में रहता है और परिवार के साथ ईंट-भट्टे पर काम करता है। दिनभर मजदूरी के बाद शाम को बनवारी शराब पीकर घर पहुंचता और पत्नी से मारपीट करता। इससे दीपक काफी परेशान था। शराब को लेकर आए दिन घर में झगड़े की नौबत रहती। बनवारी के रिश्तेदार उसे समझाते तो वह उनसे भी झगड़ पड़ता। गुुरुवार दोपहर को भी बनवारी शराब पीकर घर पहुंचा तो पत्नी से कहासुनी हो गई। रोज-रोज के झगड़े से परेशान होकर दीपक ने पास ही में स्थित 80 फीट गहरे कुएं में कूद गया। हाथ-पैरों में गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने बालक को कुएं से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर शव को छीपाबड़ौद अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
Read More: ट्रैक्टर-ट्रॉली और जीप में जोरदार भिडंत, 7 फीट हवा में उछली बोलेरो दो टुकड़ों में बंटी, 2 युवकों की मौत, 4 की हालत नाजुक
सारथल थाने के एसआई परमानंद मीणा ने बताया कि मृतक के पिता के काकी ससुर की रिपोर्ट पर संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया है। पति-पत्नी का झगड़ा बड़ा भी नहीं हो सकता कि 14 साल का बालक गहरे कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ले। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है। वहीं, पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। बालक की मौत से गांगटी गांव में सन्नाटा पसर गया। गमगीन महौल में दीपक का अंतिम संस्कार किया गया।
Published on:
16 May 2019 03:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
