
रेंडम सेम्पलिंग से कोटा थर्मल में मिला संक्रमित इधर मां, पति के बाद अब पत्नी भी पॉजिटिव
महालक्ष्मीपुरम पहुंचा वायरस, थर्मल में मचा हड़कम्प
कोटा. शहर में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। कोरोना संक्रमण शुक्रवार को बोरखेड़ा क्षेत्र के महालक्ष्मीपुरम पहुंच गया। महालक्ष्मीपुरम निवासी युवक थर्मल में सुपरवाइजर है। उसके पॉजिटिव आते ही थर्मल में दिनभर हड़कम्प मचा रहा। कोटा शहर में शुक्रवार को 9 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले है। अब तक 232 कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आ चुके है।
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि सुबह जारी रिपोर्ट में महालक्ष्मीपुरम बोरखेड़ा निवासी 35 वर्षीय युवक, इन्द्रा मार्केट निवासी 48 वर्षीय महिला, चन्द्रघटा निवासी 16,39,40, 42 पुरुष व 35 व 52 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव पाए गए। जबकि रात को जारी सूची में लाडपुरा विक्रमचौक निवासी एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
थर्मल में था सुपरवाइजर, रेंडम
सेम्पलिंग में पकड़ में आया
महालक्ष्मीपुरम निवासी युवक कोटा थर्मल सुपर पावर स्टेशन में सुपरवाइजर है। वह थर्मल में सिविल कार्य देखता है। अक्सर चीफ इंजीनियर कक्ष में भी जाता था। गुरुवार को थर्मल में रेंडम सेम्पलिंग की गई थी। उक्त युवक ने अपना सेम्पल दिया था। शुक्रवार को आई जांच में वह पॉजिटिव पाया गया। उसके बाद से थर्मल में हड़कम्प मचा हुआ है। उसकी हिस्ट्री में यहीं पता चला है कि छावनी में उसका दोस्त है। वहां अक्सर आता-जाता था। लॉकडाउन में भी इमरजेंसी में वह थर्मल आता-जाता था। जबकि उसे खांसी-जुकाम व बुखार के कोई लक्षण भी नहीं मिले। चिकित्सा विभाग ने उसके दोस्त व परिजनों के सदस्यों की भी सेम्पलिंग ली। थर्मल में सेनेटाइज किया।
हॉट स्पॉट से फिर निकले कोरोना मरीज
कोरोना का हॉट स्पॉट बने चन्द्राघटा से एक साथ छह मरीज फिर सामने आए। इससे एक बार फिर जिला प्रशासन में हड़कम्प मच गया। जबकि यहां कई दिनों से महाकफ्र्यू लगा हुआ है। चन्द्रघटा में चार जने एक ही परिवार के है। जबकि दो जने किराएदार है। इन लोगों को पांच दिन से खांसी-जुकाम व सांस में तकलीफ होने पर सरकारी डिस्पेंसरी में दिखाने गए थे। उनका सेम्पल लिया तो ये भी पॉजिटिव पाए गए।
मां, पति के बाद अब पत्नी भी पॉजिटिव
इन्द्रा मार्केट में पिछले दिनों आठ जने कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इनमें एक परिवार से मां, पति कोरोना पॉजिटिव आए थे। अब उनकी पत्नी भी पॉजिटिव पाई गई।
तीन मरीज और हुए डिस्चार्ज
कोटा. नए अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कोरोना के तीन मरीज और स्वस्थ हो गए। उन्हें शुक्रवार को डिस्चार्ज कर दिया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. सीएस सुशील ने बताया कि चन्द्रघटा निवासी 13 वर्षीय बालिका, 34 वर्षीय युवक तथा मोखापाड़ा निवासी 35 वर्षीय महिला स्वस्थ होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया। इस हिसाब से अब तक अस्पताल से 119 मरीज डिस्चार्ज हो गए। दो बार नेगेटिव वालों की संख्या 197 पर पहुंच चुकी है। शुक्रवार को 23 जने नेगेटिव हुए। उन्हें क्वारंटाइन में रखा गया। अस्पताल में हाड़ौती के 248 कोरोना पॉजिटिव मरीज हो गए। इनमें कोटा जिले के 231 मरीज शामिल है।
Published on:
08 May 2020 09:36 pm
