
Lockdown Pass
बलरामपुर. जिले में लाख प्रयास के बाद भी ढंग से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पा रहा है। अधिकारियों की सख्ती पर लोग कुछ देर तो नियमों का पालन करते है, लेकिन बाद में फिर सब कुछ वैसे ही चलने लगता है। मंड़ी समिति में सब्जियों व फलों की खरीदारी के दौरान नियमों का पालन न करने की मिल रही शिकायतों के बीच ड्यूटी में लगे मजिस्ट्रेट ने खरीददारी को लेकर सख्त रूख अपनाया है।
पास के बगैर मंडी में एंट्री बैन-
भगवतीगंज इलाके में ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेट राकेश शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि कृषि उत्पाद मंडी समिति भगवतीगंज में नियमानुसार सब्जियों व फलों के फुटकर खरीदारी पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा अब सिर्फ उन्हें ही मंडी समिति में खरीददारी की अनुमति दी जाएगी जिनके पास जिला प्रशासन द्वारा जारी मंड़ी समिति से बाहर ले जाकर फुटकर फल व सब्जियों को बेचने का पास उपलब्ध होगा। ऐसे वाहनों व व्यक्तियों को मंडी समिति में सुबह 5 बजे से 10 बजे तक आने की अनुमति नहीं होगी जिनके पास खरीददारी की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन करीब 300 से 400 छोटे बड़े व्यापारी वाहनों के साथ मंड़ी समिति में एंट्री करते हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के आने के कारण सरकार की मंशा का अनुपालन नहीं हो पा रहा था, इसीलिए शुक्रवार से ही मंड़ी गेट से ही फुटकर खरीदारी व बिना पास के इंट्री पर बैन लगा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पास के साथ वही व्यापारी खरीदारी के लिए आ सकेंगें जिनके चेहरे पर मास्क लगा होगा। इस दौरान वह स्वयं गेट पर पुलिस बल के साथ मौजूद रहकर नियमों का पालन करवाएंगें। मंडी समिति में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पास चेक करने के बाद विक्रेताओं को टोकन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने सब्जी व्यापारी संघ के व्यापारियों से भी अपील की है कि कोरोना वायरस को रोकने के लिए वे व्यवस्था बनाने में सहयोग करें। ये इसलिए भी जरूरी है क्योंकि प्रदेश व देश के कई इलाकों में सब्जी विक्रेता व व्यापारियों के संपर्क में आने से आम नागरिकों को भी कोरोना वायरस का संक्रमण हो चुका है।
Published on:
8 May 2020, 9:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.