
OMG: रेलवे फाटक नहीं खोली तो लट्ठ मार फोड़ा डाला गेटमैन का सिर, बेहोश होने पर भी बरसाता रहा लट्ठ
कोटा. कोटा मंडल के पिलोदा रेलवे स्टेशन के पास फाटक नहीं खोलने पर शनिवार को एक व्यक्ति ने गेटमैन का सिर फोड़ दिया। गंभीर अवस्था में उसे गंगापुर रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की रिपोर्ट गंगापुर जीआरपी थाने में दर्ज करवाई है। सूत्रों ने बताया कि पिलोदा के पास सेवाड़ा गांव निवासी कैलाश चंद्र योगी (24) की ड्यूटी गेट नंबर 189 थी। ट्रेन आने के कारण गेट बंद था। इतने में पिलोदा गांव निवासी शकील अपनी बकरियों को लेकर गेट पर पहुंचा।
बकरी निकालने के लिए शकील ने कैलाश पर दवाब बनाया। कैलाश ने ट्रेन निकलने के बाद गेट खोलने की बात कही। इससे गुस्साए शकील ने लठ से वार कर कैलाश का सिर फोड़ दिया। चोट लगने से कैलाश नीचे गिर गया। इस पर भी शकील नहीं माना। नीचे गिरे कैलाश पर और लठ बरसाए। इसके बाद शकील अपनी बकरियां लेकर मौके से फरार हो गया। इस हमले में कैलाश गंभीर घायल होकर बेहोश हो गया।
रेलवे एम्पलाइज यूनियन के सहायक मंडल सचिव एस.डी. धाकड़ ने बताया कि इस घटना से पूरे मंडल के रेलकर्मियों में रोष व्याप्त है। आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने बताया कि गेटमैन के घायल होने पर गेट के पास से निकल रहे किसी व्यक्ति ने मामले की सूचना पिलोदा स्टेशन मास्टर को दी। मास्टर ने श्रीमहावीरजी स्टेशन पर रेलपथ इंजीनियर और कोटा को दी। गंगापुर सिटी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कैलाश को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया। कैलाश के सिर में 12 टांके आए हैं। बाद में मामले की सूचना जीआरपी थाने को दी गई।
लगातार किए वार
आरोपी ने गेटमैन के सिर पर लगातार कई वार किए। इससे वह लहुलूहान हो गया। वहां से गुजर रहे लोगों के आने के बाद वह मौके से भाग गया। घायल अवस्था में गेटमैन को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार किया गया। जीआरपी पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
Published on:
12 May 2019 10:00 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
