
Delhi-Mumbai Expressway : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मुकुंदरा टनल में दोनों ओर संचालित होता यातायात। फोटो पत्रिका
Delhi-Mumbai Expressway : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बहुप्रतीक्षित मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व क्षेत्र में करीब 1250 करोड़ रुपए की लागत से बनी मुकुंदरा टनल की ट्यूब-1 में भी गुरुवार से यातायात शुरू हो गया। फिलहाल ट्रायल के तौर पर यह यातायात शुरू किया गया है। इस दौरान टनल में छोटी-मोटी कमियों को दूर कर स्थायी रूप से यातायात शुरू कर दिया जाएगा। वहीं ट्यूब-2 में यातायात पहले से ही चल रहा है।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआइ) ने गुरुवार सुबह करीब 8 बजे (दिल्ली से मुम्बई) ट्यूब-1 को यातायात के लिए खोल दिया गया, जबकि टनल टू (मुम्बई से दिल्ली) में पहले से ही यातायात संचालित किया जा रहा है। अब दोनों ट्यूब में यातायात शुरू होने से वाहन चालकों को एक्सप्रेस-वे छोड़कर दरा की ओर नहीं जाना पड़ेगा। इससे दरा घाटी में जाम से मुक्ति तो मिलेगी ही, साथ ही यातायात का दबाव भी कम होगा। इसके अलावा समय की भी बचत होगी।
एनएचएआइ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर संदीप अग्रवाल ने बताया कि ट्यूब-1 को फिलहाल ट्रायल के तौर पर यातायात के लिए खोला गया है। ट्रायल के दौरान यदि किसी प्रकार की कमी सामने आती है, तो निर्माण कंपनी की ओर से उसे तत्काल दुरुस्त किया जाएगा। इसके अलावा फिनिशिंग का काम भी चलता रहेगा।
उन्होंने बताया कि ट्रायल के दौरान ही इसे स्थायी रूप से यातायात के लिए खोले जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल टनल के दोनों हिस्सों से गुजरने वाले वाहनों को कोई टोल टैक्स नहीं देना होगा। ट्रायल के बाद यहां स्थायी तौर पर यातायात शुरू करने पर वाहनों से टोल लिया जाएगा।
कोटा के मुकुंदरा टनल की दोनों ट्यूब शुरू होने के बाद अब एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से राजस्थान और मध्यप्रदेश होते हुए गुजरात सीमा तक सीधा आवागमन शुरू हो गया है। ऐसे में अब इस क्षेत्र में गुजरने वाले वाहनों को एक्सप्रेस-वे छोड़कर वैकल्पिक मार्गों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
टनल निर्माण के चलते भटवाड़ा-अमझार मार्ग से एक्सप्रेस-वे पर या एनएच-52 से ढाबादेह होते हुए चेचट के रास्ते एक्सप्रेस-वे पर चढ़ना पड़ता था। इसके चलते दरा घाटी और भटवाड़ा-अमझार मार्ग पर आए दिन जाम रहता था। भारी वाहनों से दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। अब मुकुंदरा टनल की दोनों ट्यूब से सीधा यातायात शुरू होने के बाद दरा घाटी और भटवाड़ा-अमझार मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होने के साथ जाम से राहत मिलेगी।
Updated on:
10 Sept 2026 06:43 pm
Published on:
10 Sept 2026 06:43 pm
