
कोटा में मासूम बच्ची से गलत हरकत का मामला, पुलिस कर रही जांच (पत्रिका फाइल फोटो)
Kota Child Molestation Case: कोटा जिले में तीन साल की मासूम बालिका से गलत हरकत का बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बालिका की कम उम्र के कारण वह घटना के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ बता नहीं पा रही है। पुलिस अब मेडिकल जांच, डीएनए सैंपल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
मामला उस समय सामने आया, जब तबीयत खराब होने पर परिजन मासूम को बाल रोग विशेषज्ञ के पास इलाज के लिए लेकर पहुंचे। जांच के दौरान डॉक्टर को बालिका के कमर के नजदीक और नाजुक अंग में दर्द-सूजन जैसी समस्या दिखाई दी। चिकित्सक ने गलत हरकत की आशंका जताते हुए परिजनों को इसकी जानकारी दी। डॉक्टर की बात सुनकर परिजन घबरा गए और उन्होंने तत्काल पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि मामले में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच महिला उत्पीड़न अनुसंधान सेल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश सांखला कर रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, मासूम घर के अलावा केवल स्कूल जाती है। वह घर के पास स्थित एक प्ले स्कूल में पढ़ती है। इसी आधार पर पुलिस ने स्कूल के कुछ पुरुष स्टॉफ और संबंधित लोगों के डीएन सैंपल लिए हैं। एफएसएल टीम ने भी घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
Updated on:
09 Sept 2026 02:49 pm
Published on:
09 Sept 2026 02:49 pm
