
Dowry Case: Kota Bride cancels Wedding
कोटा की बेटी डॉ. राशि के घर सारे रिश्ते-नातेदार जुटे हैं। हर कोई कोटा की बेटी के साहसिक फैसले के साथ खड़ा होने को आतुर दिख रहा है। जो भी आ रहा है पहले बेटी से मिलकर उनका हौसला बढ़ाता है और फिर उनके उठाए कदम की सराहना करता है। बारात लौटने के बावजूद कोटा की इस बेटी के घर मातम की बात तो दूर, शिकन तक नहीं है। यदि कुछ है तो बेटी के दहेज की आग में जलने से पहले बचने की खुशी।
मुरादाबाद की तीर्थांकर महावीर यूनिवर्सिटी के डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर के Department of Orthodontics & Dentofacial Orthopedics में बतौर सीनियर लेक्चरर कार्यरत डॉ. सक्षम मधोक और उनके परिजनों ने जब 1 करोड़ से ज्यादा का दहेज मांगा तो कोटा की बेटी और डेंटिस्ट डॉ. राशि ने शादी से साफ इनकार कर दिया और बारात लौटा दी। डॉ. राशि को समाज और ऊंच नीच जैसी तमाम बातें समझाने के लिए परिवार और रिश्तेदार आए, लेकिन वह नहीं मानी और किसी भी सूरत में शादी करने से इनकार कर दिया। अब राशि कहती हैं कि मेरे मॉम, डैड और भाई जैसे रोया है, ये लड़का भी सारी जिंदगी वैसे ही रोएगा।
बेटी के फैसले का पूरे शहर ने किया सम्मान
डॉ. राशि के बारात लौटाने और शादी तोड़ने के फैसले का माता-पिता और रिश्तेदारों ने ही नहीं पूरे शहर ने सम्मान किया है। राजस्थान पत्रिका के फेसबुक पेज www.facebook.com/KotaRajasthanPatrika/ पर पूरा शहर डॉ. राशि के साथ खड़ा हो गया है। शादी समारोह में आए शहर के डॉक्टर्स व अन्य लोग भी दहेज लोभियों के खिलाफ गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।
नहीं है जरा भी रंज
शादी तोड़ने का फैसला होने के कुछ घंटों तक तो डॉ. राशि के घर में सन्नाटा पसरा रहा, लेकिन अब खुशियां तैर रही हैं। पूरा परिवार एक ही बात कह रहा है कि उन्होंने बेटी को दहेज की आग में नहीं झोंका। पूरा परिवार बेटी के नए जीवन की शुरुआत होने पर खुशियां मना रहा है। मुलाकात के लिए आने वाले लोग भी पूरे परिवार को बधाइयां दे रहे हैं।
Updated on:
5 Dec 2017, 12:20 PM IST
Published on:
4 Dec 2017, 6:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.