
कोटा. एसीबी ( anti-corruption bureau ) ने शनिवार देर रात कोटा-इटावा मार्ग स्थित ताथेड़ टोल नाके के पास कोटा आबकारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह (Excise Inspector arrested ) को रिश्वत ( Bribe case ) की मोटी रकम के साथ गिरफ्तार किया है। एसीबी अधिकारियों ने निरीक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान तलाशी लेने पर उसके पास नोटों से भरा बैग मिला। जिसमें कुछ कागजात व 55 हजार 900 रुपए मिले। रकम के बारे में पूछा तो वह जवाब नहीं दे सका। इस पर एसीबी ने उसे हिरासत में लेकर जांच शुरू की।
Read More: दो पक्षों के खूनी संघर्ष में जुबान से तेज चली तलवारें-कुल्हाड़ी, 16 लोग लहुलूहान, 12 की हालत नाजुक
कोटा एसीबी के एएसपी चंद्रशील ठाकुर ने बताया कि आबकारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह रामगंजमंडी में तैनात है। उसके पास कोटा-सुल्तानपुर का भी अतिरिक्त चार्ज है। वह इन क्षेत्रों में शराब की दुकानों की लोकेशन चैक करने व निरीक्षण के दौरान मिली खामियों को रिपोर्ट में नहीं दर्शाने की एवज में शराब ठेकेदारों से करीब एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी। सौदा 55 हजार में तय हुआ। इसके बाद वह शनिवार रात इटावा के शराब ठेकेदार से रिश्वत लेकर सरकारी वाहन से कोटा लौट रहा था। इससे पहले एसीबी को मामले की सूचना मिल चुकी थी। इस पर एसीबी ने तुरंत इटावा-कोटा मार्ग स्थित ताथेड़ टोल नाके पर जाल बिछाया और देर रात निरीक्षक वीरेंद्र को दबौच लिया। एकाएक एसीबी को देख वह घबरा गया। इस पर उसकी तलाशी लेने पर बैग में 55 हजार 900 रुपए बरामद हुए। पूछताछ में वह संतोषप्रद जवाब नहीं दे सका। इसके अलावा यह राशि किन किन लोगों से वसूली गई है, इस बारे में उसने अलग-अलग जानकारी दी। जिसकी जांच में पुष्टि नहीं हो सकी। साथ ही जांच में बताए गए तथ्य भी झूठे निकले।
एएसपी ठाकुर ने बताया कि तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों व वाहन चालक कैलाश नायक के बयान से सामने आया कि आरोपी निरीक्षक वीरेंद्र शनिवार को सुल्तानपुर, इटावा और खातौली क्षेत्र स्थित दुकानों का निरीक्षण करने गया था। जहां ठेकों पर शराब की कीमत जाननी चाही। इसके लिए उसने अपने वाहन चालक कैलाश को दुकान पर भेजकर शराब मंगवाई तो ठेके कर्मचारी निर्धारित दर से अधिक राशि पर शराब बेचते मिले। कार्रवाई नहीं करने की एवज में उसने ठेकेदार से रिश्वत ली। एसीबी की आकस्मिक जांच में सामने आया कि वीरेंद्र के पास मिली राशि अलग-अलग ठेकेदारों से अवैध रूप से वसूली गई थी।
Read More: कॉलेज प्रिंसिपल के घर में घुसकर फेंकी बीयर की बोतलें और जमकर बरसाए ईंट-पत्थर, दहशत में गुजरी रात
कई बैंकों में खाते और ग्रेटर नोएडा में है फ्लैट
आरोपी वीरेंद्र के ओम एनक्लेव में स्थित फ्लैट की तलाशी लेने पर कई बैंकों के खातें होना सामने आया। साथ ही ग्रेटर नोएडा में फ्लैट से संबंधित दस्तावेज मिले, जिसकी जांच की जा रही है।