Breaking News: टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग, 6 दमकलों ने 3 घंटे में पाया काबू, 5 लाख का नुकसान
रावतभाटा. शहर के नया बाजार स्थित टेंट हाउस के गोदाम में शनिवार देर रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। गोदाम में रखा टेंट का करीब डेढ़ लाख रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। इसके अलावा तेज आग के कारण गोदाम की छत की पट्टियां भी तड़क गई एवं प्लास्टर नीचे गिर गया। इससे भवन को करीब 3 से 4 लाख रुपए का नुकसान हुआ।
गोदाम मालिक राजकुमार वधवा ने बताया कि उनके टेंट हाउस का गोदाम शहर के वार्ड संख्या 4 के बाजार गली में स्थित है। जहां टेंट का विभिन्न सामान रखा हुआ था। देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग गोदाम के भवन के भीतर लगी थी। जब लोगों को धुआं उठता नजर आया तो आग लगने का पता लगा। सूचना पर वे मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। जानकारी लगने पर नगरपालिका की फायर ब्रिगेड की एक के बाद एक 4 गाडिय़ों ने आग बुझाने का प्रयास किया। इसके अलावा राजस्थान परमाणु बिजलीघर का अग्निशमन दस्ता भी मौके पर पहुंच गया। चालक जाकिर भाई ने बड़ी सतर्कता से अग्निशमन के वाहन को सकरी गली में ले जाकर टेंट हाउस के सामने खड़ा कर दिया। इसके बाद आग बुझाने का काम शुरू हो पाया। इसके अलावा भारी पानी संयंत्र की दमकल भी देर रात मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
गोदाम के टेंट हाउस में गद्दों में लगी आग के कारण आग बार-बार सुलग रही थी इस कारण अग्निशमन दस्तों ने पूर्व सतर्कता से आग बुझाई इसके अलावा पड़ोसियों और लोगों ने टेंट हाउस का काफी सामान भी बाहर निकाल लिया करीब 300 गद्दे व अन्य सामान बाहर निकालने जाने से बड़ा हादसा होने से टल गया। वहीं, सकरी गलियों में दकमलों को पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।