
एलन एक हजार विद्यार्थियों को देगा नि:शुल्क कोचिंग
कोटा. एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड ने 35वें स्थापना दिवस पर आशा स्कॉलरशिप स्कीम के तहत एक हजार विद्यार्थियों को नि:शुल्क कोचिंग देने की घोषणा की। सभी राज्यों की राज्य सरकारों के साथ मिलकर सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत अभावग्रस्त परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को एलन के विभिन्न सेंटर्स पर आशा योजना के तहत नि:शुल्क कोचिंग दी जाएगी।
निदेशक डॉ.गोविन्द माहेश्वरी ने बताया कि 18 अप्रेल 1988 को स्थापित एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट 35वां स्थापना दिवस मना रहा है। किराए के कमरे से 8 विद्यार्थियों के साथ शुरू हुए एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट में सत्र 2022-23 में एलन में 3 लाख 1448 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया। स्थापना से अब तक 28 लाख से अधिक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एलन द्वारा दिया जा चुका है। एलन 7 देशों के साथ भारत के 22 राज्यों व 4 केन्द्र शासित प्रदेशों के 53 शहरों में स्टडी सेंटर्स के माध्यम से शिक्षा मुहैया करवा रहा है। वर्तमान में 16 हजार से अधिक लोग जुड़े हुए हैं।
एक शहर में सर्वाधिक स्टूडेंट्स
डॉ.माहेश्वरी ने बताया कि एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के नाम कई रिकॉर्ड्स भी हैं। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में सत्र 2022-23 में एक शहर एक संस्थान में 1 लाख 27 हजार 764 क्लासरूम स्टूडेंट्स का रजिस्ट्रेशन को वर्ल्ड रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया। इससे पूर्व 2014 में लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड ने एलन के ही कोटा में 66504 स्टूडेंट्स के रिकॉर्ड को नेशनल कीर्तिमान में दर्ज किया था। इसके साथ ही गिनिज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लिम्का बुक और गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में करीब एक दर्जन रिकॉर्ड एलन के नाम हैं।
स्थापना दिवस पर पदयात्रा निकाली, हेल्थ चेकअप कैंप सहित कई कार्यक्रम
स्थापना दिवस पर एलन परिवार की ओर से पदयात्रा निकाली गई। इसमें तीन हजार से अधिक सदस्य शामिल हुए। संकल्प कैम्पस से शुरू हुई यह पदयात्रा विश्वकर्मा चौराहा, घटोत्कच चौराहा होते हुए खड़े गणेशजी मंदिर पहुंची। दर्शन के बाद एलन के स्वामी विवेकानन्द नगर स्थित नवनिर्मित कैम्पस पहुंचे। यहां सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया गया। एलन जवाहर नगर स्थित सत्यार्थ कैम्पस में हेल्थ चेकअप कैम्प लगाया गया। निदेशक नवीन माहेश्वरी ने चिकित्सकों का सम्मान किया। यहां 1500 से अधिक विद्यार्थियों, अभिभावकों व फैकल्टीज ने चिकित्सा सुविधाओं का लाभ लिया। एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट का संचालन निदेशक डॉ.गोविन्द माहेश्वरी, राजेश माहेश्वरी, नवीन माहेश्वरी व डॉ.बृजेश माहेश्वरी चारों भाई मिलकर कर रहे हैं। नेक्स्ट जनरेशन अविरल माहेश्वरी, अमन माहेश्वरी, आनन्द माहेश्वरी, केशव माहेश्वरी व आराध्य माहेश्वरी भी साथ मिलकर कई दायित्व निभा रही है।
Published on:
19 Apr 2023, 10:58 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.