
मृतक विक्रम सिंह, पत्रिका फोटो
Kota murder case: कोटा शहर के महावीर नगर थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार रात हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विक्रम सिंह (27) निवासी बॉम्बे योजना के रूप में हुई। आरोप है कि मोहल्ले के ही कुछ युवकों ने आपसी रंजिश के चलते उस पर पीछे से चाकू से हमला किया और मौके से फरार हो गए।
परिजनों के अनुसार, विक्रम रोज की तरह रात को घर के पास स्थित एक दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले आशु, अकरम, राजकुमार, गोलू सहित अन्य युवक वहां पहुंचे। पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने विक्रम को चारों ओर से घेर लिया और पीछे से उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले से विक्रम को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हमले में विक्रम को पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में तीन से चार गहरे घाव लगे। खून से लथपथ हालत में वह जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और गंभीर घायल विक्रम को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बड़े भाई लक्की ने बताया कि आरोपियों और विक्रम के बीच पहले भी छोटी-मोटी कहासुनी हुई थी। बुधवार सुबह दोनों पक्षों में समझाइश कर मामला शांत कराने की कोशिश की गई थी। परिजनों का आरोप है कि इसके बावजूद आरोपियों ने रात में साजिश रचकर हमला किया। उन्होंने कहा कि हमलावर पहले विक्रम के दोस्त थे और साथ उठते-बैठते थे, लेकिन हालिया मनमुटाव ने रिश्तों को दुश्मनी में बदल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही महावीर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है।
डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि युवक पर चाकू से हमला किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश को घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
Updated on:
19 Feb 2026 01:10 am
Published on:
19 Feb 2026 01:09 am
