
गुर्जर आरक्षण आंदोलन: गाने-बजाने से लेकर खाने तक सब कुछ हाइवे पर
नैनवां. पांच फीसदी आरक्षण की मांग को लेकर रेलवे ट्रेक पर बैठे कर्नल किरोड़ीसिंह बैंसला के समर्थन में दूसरे दिन सोमवार को भी टोपा गांव के पास गुलाबपुरा-उनियारा हाई-वे को महापड़ाव डालकर जाम किए रखा। समाज के जमा लोगों के लिए सड़क पर ही खाने-पीने की व्यवस्था की गई, वही लोक गीतों की धुन पर लोग नृत्य करते रहे। दोपहर को गुर्जर महिलाएं भी महापड़ाव स्थल पर पहुंची और जाम में शामिल हो गई। महिलाएं लोकगीतों की धुन पर सड़क पर नृत्य करती रही।
महापड़ाव पर कुछ लोगों ने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की जिससे कुछ देर माहौल गर्मा गया था। तब समाज के लोगों ने स्थिति संभालकर मामला शांत कराया। महापड़ाव में गुर्जर आरक्षण समिति के जिला संयोजक राधाकृष्ण पोसवाल, नैनवां तहसील अध्यक्ष हीरालाल रैणा, सचिव रामहोशियर बागड़ी, गुर्जर उत्थान समिति के अध्यक्ष श्योजीलाल चैंची, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मियाराम फौजी, श्योकरण फौजी, भैरूलाला टोपा, कल्याण धांगड़, गंगाराम रैणा, देवलाल गुर्जर, शिवराज खोड़वा, रमेश दियाली, भैरूलाल चाड़, विनोद नेटड़ा के साथ सैकड़ों लोग बैठे रहे। इधर, अतिरिक्त जिला कलक्टर सूरजसिंह नेगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दशरथसिंह, पुलिस उपाधीक्षक राजाराम मीणा व प्रशिक्षु आरपीएस धमेन्द्र डूकियां नैनवां में डेरा डाले रहे।
Read More: गुर्जर आरक्षण की आग में झुलसी हाड़ौती, झालावाड़ की सड़कों पर आग, बूंदी के हाइवे पर लंगर
डायवर्ट मार्गो से निकाले वाहन
दूसरे दिन भी हाइवे जाम रहने से हिण्डोली की ओर से आने वाले वाहन वैकल्पिक मार्गों से निकलते रहे। हिण्डोली व बाछोला मोड़, कीरों का झोपड़ा, कोरमा रोड, नगर रोड, रजलावता तिराहा व उनियारा में वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग बताने के लिए पुलिसकर्मी गाइड का काम करते रहे। हिण्डोली से आने वाले वाहनों को बाछोला मोड़ से कोरमा के रास्ते से निकालते रहे तो उनियारा की तरफ से आने वाले वाहनों को नैनवां के पास से कोरमा रोड होते हुए निकाला।
अलाव ही सहारा
एनएच 148 डी पर जाम लगाकर गुर्जर समाज के लोग रात को भी हाइवे पर डंटे रहे। पड़ाव स्थल पर अलाव सुलगे रहे। टेंट के नीचे देवनारायण की स्तुति में गोठ गायन पर गुर्जरों का नृत्य चलता रहा। आसपास के गांवों से आए लोगों के लिए खाना तैयार किया गया।रात को हाईवे से कोई वाहन नहीं निकले। रास्ते में ट्रेफिक डायवर्ट स्थानों पर तैनात पुलिस कर्मियों ने भी ठंड से बचाव के लिए अलाव जला रखे थे।
बंद हुआ जयपुर की बसों का संचालन
बूंदी. गुर्जर आरक्षण आंदोलन के चलते टोंक में हाइवे जाम होने के बाद बूंदी से जयपुर जाने वाली रोडवेज की बसों का संचालन सोमवार शाम 5 बजे से बंद कर दिया गया। जानकारी के अनुसार बूंदी से जयपुर के रवाना हुई दो बसें देवली में रोक दी गई। ऐसे में बूंदी रोडवेज प्रशासन ने बूंदी से जयपुर के लिए जाने वाले बसों का संचालन बंद कर दिया। वहीं देवली में खड़ी बसें भी अब वापस बूंदी लौट आई।
Published on:
12 Feb 2019 09:00 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
