
कोटा. हाड़ौती में तीन दिन से लगातार झमाझम बारिश से नदियों में पानी की जबरदस्त आवक हो रही है। इसके चलते पुलिया पर एक-डेढ़ फीट पानी की चादर चल रही है तो कहीं नाले उफन गए। वहीं, जवाहर सागर बांध में पानी की आवक होने से बुधवार रात व गुरुवार सुबह कोटा बैराज के दो-दो गेट खोलने पड़े थे। गुरुवार रात से शुरू हुआ बरसात का दौर शुक्रवार शाम थम गया लेकिन शनिवार सुबह फिर से बरसात का दौर शुरू हुआ जो दोपहर तक जारी रहा।
कॉलोनियों, स्कूलों व अस्पतालों में दो-दो फीट पानी भर गया। वहीं, कई जगह क्षतिग्रस्त भवन ढह गए। शनिवार को रावतभाटा में गुंजाली नदी उफन गई। इससे हमेरगंज पुलिया पर करीब डेढ़ से दो फीट पानी की चादर चल पडी। इससे 5 गांवों का पंचायत मुख्यालय व रावतभाटा से सम्पर्क कट गया।
BIG NEWS: कोटा में मूसलाधार बारिश से नदी-नालों में उफान, पुलिया पर चली चादर
चारभुजा क्षेत्र में बरसाती नाले में किसान के दो दुधारु पशु बह गए। इसी तरह झालावाड़ जिले के खानपुर क्षेत्र में पीलिया खाल की पुलिया पर करीब 2 फीट पानी आ गया। तेज बहाव होने के बाद भी खानपुर और दहीखेड़ा की और से आने वाले लोगों ने जान जोखिम में डाल पुलिया कर रहे हैं। ये पुलिया खानपुर से कोटा मार्ग को जोड़ती है। यहां जंगल के नाले उफान पर होने से एक दर्जन से अधिक गांवों में पानी भर गया। झालावाड़ में दोपहर 2.30 बजे तक बरसात का दौर जारी है।
बस्ती में पानी घुसा तो ग्रामीणों ने शुरू करवा दी पुलिया
रामगंजमंडी. कुंभकोट में नवनिर्मित पुलिया में निर्माण सामग्री पड़ी होने बरसाती पानी निकासी में अवरोध आ गया। इससे कुंभकोट की कॉलोनी में बरसाती पानी का भराव हो गया। कच्चे रास्ते में पानी का भराव होने से वाहन धंसने लगे, इस पर ग्रामीणों ने बुलडोजर मंगवाकर पानी में आने वाले अवरोध हटाए और नवनिर्मित पुलिया को शुरू करा दिया। नवम्बर माह से इस पुलिया से वाहनों की निकासी नहीं हो रही थी। शुक्रवार को नाले में आने वाले पानी की निकासी नहीं होने से कुंभकोट की कॉलोनी में पानी भरा तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने तुरत फुरत में बुलडोजर मंगवाया और पानी में बने अवरोध हटवाए। फिर अवरोध बनी सामग्री को एप्रोच सड़क के गेप वाले हिस्से में भरवाकर पुलिया से वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी।