
अब खुलेगी फर्जी ई-रवन्नों की पोल, बड़ी मुसीबत में फंसे खनन ऑफिसर-कर्मचारी
कोटा. पत्थर ढ़ुलाई के लिए फर्जी ई रवन्ने जारी करने के खेल का खुलासा होने के बाद खनन विभाग के अफसर मुसीबत में फंस गए हैं। प्रादेशिक परिवहन अधिकारी(आरटीओ) ने गैर व्यवसायिक वाहनों को राहत देते हुए पेनल्टी नोटिस रद्द करने का आदेश दिया है। साथ ही फर्जीवाड़े की जांच कर जिम्मेदार अफसरों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए खनन विभाग को पत्र भी भेज दिया है।
एंबुलेंस और अन्नपूर्णा वैन जैसे गैर व्यवसायिक वाहनों को पत्थर ढ़ुलाई के लिए ई रवन्ना जारी करने वाले खनन विभाग के अफसरों और कर्मचारियों पर शिकंजा कसने लगा है। राजस्थान पत्रिका के खुलासे के बाद आरटीओ प्रकाश सिंह राठौड़ ने सभी ई रवन्नों की जांच के आदेश दिए हैं। वाहन मालिकों की समस्याएं सुनने, ई रवन्नों की जांच करने और उससे जुड़ी शिकायतें दर्ज करने के लिए आरटीओ ऑफिस में हेल्प डेस्क भी गठित कर दी है। प्रवर्तन विंग के डीटीओ महेश चंद मीणा, संजीव कुमार दलाल, परिवहन निरीक्षक राम विलास गुप्ता और सूचना सहायक लक्ष्मी नागर को यह काम सौंपा गया है।
खुलने लगा फर्जीवाड़ा
आरटीओ प्रकाश सिंह राठौड़ ने बताया कि वाहन मालिकों की शिकायत के बाद खनन विभाग से जारी ई रवन्नों की जांच की गई तो सोमवार को आठ ई रवन्ने फर्जी पाए गए। ओवरलोडिंग के आरोप में इन वाहन मालिकों को जारी किए गए पेनल्टी नोटिस रद्द करने के साथ ही सभी ई रवन्ने जांच के लिए खनन विभाग भेज दिए गए। इतना ही नहीं इन फर्जी ई रवन्नों को जारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए भी खनन विभाग को पत्र जारी कर दिया गया।
नहीं करेंगे ओवरलोडिंग
ओवर लोडिंग करते हुए पकड़े गए व्यवसायिक वाहनों को माल देने वाली कंपनी, व्यवसायी, वाहन स्वामी और चालक के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसता देख व्यवसायिक वाहनों के मालिकों और ट्रक एसोसिएशनें भी कमर्शियल व्हीकल्स को अंडर लोड ही चलाने के लिए खुद आगे आने लगे हैं। सोमवार को पब्लिक कैरियर ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन की संभाग और जिला यूनियनों ने अब अंडर लोड ढ़ुलाई ही करने का निर्णय लिया।
इतना ही नहीं यूनियन के अध्यक्ष सत्यभान सिंह और महासचिव नवरत्न राजावत आदि ने आरटीओ प्रकाश सिंह राठौर को पत्र सौंपकर आश्वासन भी दिया कि यदि कोई कारोबारी या एजेंसी ट्रकों से ओवर लोड ढ़ुलाई करवाने की कोशिश करेगी तो ट्रक मालिक और यूनियन इसे रोकने के साथ ही तत्काल कार्रवाई के लिए आरटीओ को सूचित भी करेगी। वहीं दूसरी ओर ई रवन्नों से ओवर लोडिंग करने वाले वाहन मालिकों ने सोमवार को 28 लाख रुपए से ज्यादा का रियायती जुर्माना भी जमा कराया।
Published on:
26 Mar 2019 08:32 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
