
विकास प्राधिकरण की कार्रवाई (फोटो-पत्रिका)
कोटा। कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) ने गुरुवार को कृषि भूमि पर काटी गई अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 38 बीघा भूमि से अतिक्रमण हटाए गए। कई जगहों पर निर्माणाधीन मकान और अन्य निर्माण भी ध्वस्त किए गए।
केडीए आयुक्त ममता तिवाड़ी के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते और अधिकारियों की टीम ने पुलिस जाप्ते के साथ रंगतालाब स्थित अवंतिका वाटिका में अवैध रूप से बनाए गए कमरे और चारदीवारी को ध्वस्त किया। टीम ने झालीपुरा और दसलाना क्षेत्र में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की।
झालीपुरा और दसलाना क्षेत्र में कॉलोनाइजर्स द्वारा कॉलोनियों का प्राधिकरण से अनुमोदन कराए बिना लोगों को प्लाट बेचा जा रहा था। यहां करीब 10 बीघा भूमि पर श्रीकृष्णा आवास, 17 बीघा भूमि पर आरके टाउनशिप, 8 बीघा भूमि पर बृजधाम और करीब 3 बीघा भूमि पर अमन आवास योजना नाम से कॉलोनियां काटी जा रही थी। टीम ने पूरे क्षेत्र में अवैध निर्माण रोकते हुए अग्रिम कानूनी प्रक्रिया शुरू की है।
सचिव मुकेश चौधरी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान अवंतिका पार्क में अवैध निर्माण हटाने के दौरान वहां मौजूद लोगों को गैर-अनुमोदित कॉलोनियों में भूखंड न खरीदने के लिए समझाया गया। कॉलोनाइजर्स को केडीए की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार की बिक्री या विकास कार्य नहीं करवाने के निर्देश दिए। कार्रवाई में केडीए तहसीलदार हिम्मत सिंह राव, भू-अभिलेख निरीक्षक विवेक पाल सिंह, हरिश्चंद्र प्रजापति, केडीए थाना अधिकारी सत्यनारायण मीणा समेत अतिक्रमण दस्ता शामिल रहा।
Updated on:
21 Nov 2025 04:29 pm
Published on:
21 Nov 2025 04:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
