
kota Brief
ओएसिस में मनाया सम्मान समारोह
कोटा. बजरंग नगर, दादाबाड़ी, बोरखेड़ा में संचालित ओएसिस क्लासेज ने आरकेपुरम क्षेत्र में विद्यार्थी सम्मान समारोह आयोजित किया। इस दौरान संस्था निदेशक पीयूष सक्सेना ने सर्वश्रेष्ठ परिणाम देने वाले छात्र आयुष जैन, कुलदीप मीणा को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। अन्य विद्यार्थियों को भी प्रमाण-पत्र पुरस्कार दिए। 10वीं सीबीएससी में विद्यार्थी यथार्थ गर्ग ने गणित में 98 , आयुष जैन ने विज्ञान में 98 , सामाजिक विज्ञान में 93, मन्नत बग्गा ने हिंदी में 97, कुलदीप मीणा ने सामाजिक विज्ञान में 93, आयुषी मीणा ने अंग्रेजी में 94 अंक तथा 12 वीं सीबीएससी में कुश सिंघल ने गणित में सर्वाधिक 95 अंक प्राप्त कर संस्था व अध्यापक का नाम रोशन किया।
स्थापना दिवस पर सौंपी सहायता राशि
कोटा. सक्षम का स्थापना दिवस शुक्रवार को मनाया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग छात्र यश केसवानी, मयंक को शिक्षा सहायता के लिए 66 हजार का चेक सौंपे गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरविंद सक्सेना ने की, विशिष्ट अतिथि चित्तौड़ प्रांत के मंत्री संजय शर्मा रहे।
अस्पताल में भेंट किए दो एसी
मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में नेफ्रोलॉजी विभाग में समाजसेवी बाबूलाल रुंगटा ने 2 एयर कंडीशनर भेंट किए। रुंगटा ने कहा कि एक सप्ताह में 5 ट्राली भी भेंट की जाएंगी। इस मौके पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. देवेन्द्र विजयवर्गीय व विभागाध्यक्ष डॉ. विकास खंडेलिया मौजूद रहे।
सत्संग समारोह 27 व 28 को
कोटा. कबीर पारख संस्थान एवं संत कबीर सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में संत कबीर साहेब के प्राकट्य दिवस के उपलक्ष में 27 व 28 जून को विनोबाभावे नगर स्थित धरणी धर गार्डन में सत्संग समारोह का आयोजन किया जाएगा। 27 को दोपहर 3 से छह बजे तक सत्संग प्रवचन, रात 8 से 10 बजे तक प्रवचन-भजन होंगे। 28 को सुबह 7 बजे ध्वजारोहरण व बीजक पाठ, 8 से 11 बजे तक प्रवचन, भजन गुुर पूजन होगा।
चिकित्सा शिविर में 93 मरीजों को मिला परामर्श
कोटा. राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केशवपुरा की ओर से रंगबिहार स्थित रामदेवजी पार्क में शुक्रवार को लगाए गए नि:शुल्क आउटरीच चिकित्सा एवं परामर्श शिविर में 93 मरीजों को उपचार एवं परामर्श दिया गया। दवाइयां भी नि:शुल्क बांटी गई। मौके पर 8 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। शिविर में 7 एनसीडी मरीजों समेत अन्य सामान्य बीमारियों के मरीजों का उपचार हुआ। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजना गुप्ता, गायनेकॉलोजिस्ट डॉ. प्रियंका माहेश्वरी व यूपीएचसी प्रभारी डॉ. रजा खान सहित नर्सिंग व स्टाफ ने सेवाएं दी। डेंगू से बचाव के उपाय व सावधानियां बरतने के बारे में भी बताया गया।
बटुक भैरव को लगाया इमरती और कचौरी का भोग
कोटा. बटुक भैरव जयंती शुक्रवार को श्रद्धा के साथ मनाई। भैरव मंदिरों में आयोजन हुए। पूजा अर्चना कर श्रृंगार किया गया। कंसुआ स्थित भैरव मंदिर में विशेष आयोजन हुए। मंदिर पुजारी अनिल गिरी के अनुसार सुबह भैरव प्रतिमा का 11 लीटर दूध व अन्य द्रव्यों से अभिषेक कर विशेष शृंगार किया। इस मौके पर हवन किया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां दी। भगवान को 1100 कचौरियों, 11 किलो इमरती का भोग लगाया गया। इस दौरान मंदिर जयकारों से गूंजायमान होता रहा।
निर्जला एकादशी आज
शनिवार को निर्जला एकादशी मनाई जाएगी। इस मौके पर विभिन्न आयोजन होंगे। मंदिरों में विशेष शृंगार किए जाएंगे। निर्जल निराहार रहकर पूजा अर्चना की जाएगी। जगह जगह छबीलें लगाकर ठंडाई पिलाई जाएगी। तलवंडी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में शाम 7.30 बजे से भजन संध्या होगी। उज्जैन के श्रीराम के सान्निध्य में आयोजन होगा। रात को 11 बजे आरती की जाएगी। इससे पहले शाम को 5 बजे मिल्कशेक, शाम को 7 बजे आमरस पिलाया जाएगा। श्री सालासर सेवा समिति की ओर से छावनी में सुबह 9 बजे से मिल्कशैक पिलाया जाएगा।
चेक अनादरण में 8 माह की सजा
कोटा. चेक अनादरण मामले में अदालत ने शुक्रवार को एक व्यक्ति को ८ माह साधारण कारावास की सजा से दंडित किया। राजपूत कॉलोनी कंसुआ निवासी बृजपाल महावर ने इंदिरा गांधी नगर डीसीएम निवासी राकेश कुमार के खिलाफ अदालत में परिवाद पेश कर कहा कि राकेश ने घरेलू आवश्यकता के लिए उनसे 1.50 लाख रुपए उधार लिए थे। एवज में 1 नवम्बर 2014 को उसी राशि का चेक दिया जो बैंक में अनादरित हो गया। परिवादी के अधिवक्ता नंद सिंह राजावत ने बताया कि एनआई क्रम दो अदालत ने राकेश को दोषी मानते हुए 8 माह साधारण कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 1.80 लाख
रुपए क्षतिपूर्ति राशि अदा करने के आदेश दिए।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
23 Jun 2018, 8:55 PM IST
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़




