
तस्करों को बेचता था डोडा चूरा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोटा. तस्करों को डोडा चूरा बेचने के मामले में फरार चल आरोपी को पुलिस ने बुधवार देर रात आखिर दबोच ही लिया। पुलिस से बचने के लिए तमाम तरह के हथकंडे अपनाने के बाद भी वह पुलिस की गिरफ्त से बच नहीं सका और उसी के गांव में पहुंचते ही धरा गया। पुलिस ने आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड के लिए पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस आरोपी से अवैध मादक पदार्थों की उपलब्धता, खरीद व बेचान के बारे में पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी हरीश भारती ने बताया कि पुलिस ने 3 दिसम्बर 2019 को चैकिंग के दौरान नाकाबंदी में जोधपुर के डांगियावास थाने के जाटियावास गांव निवासी रघुनाथ जाट (35) व जाटियावास गांव के गोविन्द जाट (26) को गिरफ्तार कर उनकी लक्जरी कार से 89 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद किया था। पूछताछ में देनों आरोपियों ने डोडा चूरा झालावाड़ जिले के अकलेरा थाना क्षेत्र के गांव अरनिया निवासी पूरीलाल मीणा से लाना बताया।
इसके बाद ही पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। गुरुवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर डोडा चूरा तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी झालावाड़ जिले के अकलेरा थाना क्षेत्र के गांव अरनिया निवासी पूरीलाल मीणा (45) को बुधवार देर रात गिरफ्तार किया। आरोपी डोडा चूरा तस्करी के मामले में फरार चल रहा था। आरोपी को गुरुवार को एनडीपीएस न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को रिमांड के लिए पुलिस को सौंप दिया गया।
Published on:
13 Feb 2020 09:11 pm
