
shaheedo ko shradhanjali .
शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने उमड़े कोटावासी
कोटा. उरी के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने पूरा शहर उमड़ पड़ा। हर आंख नम थी और हर दिल आक्रोशित। हर ओर मातृभूमि की जय-जयकार थी और उसके लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले शहीद सपूतों का बलिदान व्यर्थ न जाने देने की मांग। कोटा से लेकर कश्मीर तक बस एक ही हुंकार थी कि पूरा देश अमर सैनानियों के साथ है।
राजस्थान पत्रिका डॉट कॉम के आह्वान पर उरी आर्मी बेस पर हुए आतंकी हमले में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने पूरा शहर शहीद स्मारक पर जुटा। बच्चों से लेकर महिला, नौजवान और बुजुर्ग तक हर कोई शहीदों को नमन करने पहुंचे।
सारांश पब्लिक स्कूल के स्टूडेंट बैंड की धुन ने जैसे ही अमर सेनानियों को याद किया हर आंख भर आई। सैनिकों की वेषभूषा में आए शिशु भारती सीनियर सैकेंडरी स्कूल के बच्चों ने वतन पर शहीद हुए सैनिकों के संघर्ष का जीवंत प्रदर्शन किया।
देशभक्ति के नारों के बीच हर ओर बस एक ही आवाज सुनाई दे रही थी कि पूरा वतन सीमाओं की सुरक्षा में जुटे फौजियों के साथ है। साथ ही लोगों ने मांग की कि आतंकी कार्रवाई में शामिल लोगों और मुल्क के खिलाफ भारत सरकार खुली कार्रवाई करे।
पूर्व सैनिकों ने सरकार से मांग की कि आतंक के आकाओं को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए उन्हें फिर से मोर्चे पर तैनात किया जाए और कार्रवाई की छूट मिले।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी इस बार सिर्फ बातें न कर आतंकियों के गढ़ ध्वस्त करने की मांग रखी। आखिर में लोगों ने शहीद स्मारक पर दीप प्रज्वलित कर शहीदों को नमन किया।
Published on:
20 Sept 2016 10:05 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
