
राजस्थान के कोटा विश्वविद्यालय में पीएच.डी. प्रवेश परीक्षा में नहीं मिलेगी छूट
कोटा. कोटा विश्वविद्यालय ने अधिसूचना जारी कर पीएच.डी. के लिए ऑनलाइन आवेदन लेना शुरू कर दिया है। पीएच.डी. प्रवेश कार्यक्रम 2023 के तहत कुल 27 विषयों की 227 रिक्त सीटों के लिए आवेदन करने की अन्तिम तिथि 14 जुलाई निर्धारित की गई है। गौरतलब है कि कोटा विश्वविद्यालय ने अप्रेल में आयोजित शोध मंडल की बैठक में यूजीसी की ओर से 7 नवम्बर 2022 को जारी विनियमों को संशोधन के साथ अंगीकृत किया था। उसी आधार पर इस वर्ष पीएच.डी. के आवेदन लेना प्रारम्भ कर दिया है।
पांच संकायों के 27 विषयों में कर सकेंगे आवेदन
शोध निदेशालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, विश्वविद्यालय में संचालित कुल 5 संकायों के 27 विभिन्न विषयों में पीएच.डी. के लिए इच्छुक आवेदक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक से आवेदन कर सकेंगे।
5 अगस्त को होगी प्रवेश परीक्षा
अधिसूचना के अनुसार, इस बार आवेदन करने वाले समस्त अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा में भाग लेना आवश्यक किया गया। अब तक नेट, जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा से छूट दी जाती थी, लेकिन अब पीएच.डी. करने के लिए सभी को प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी। इसके लिए विश्वविद्यालय की ओर से 5 अगस्त 2023 को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में चयन उपरान्त शोध कार्य पूर्ण करने के लिए शोध पर्यवेक्षकों को आवंटित किया जाएगा। केवल विदेशी छात्रों को प्रवेश परीक्षा से छूट मिलेगी।
100 अंकों में से होगा वरीयता का निर्धारण
प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जाएगा। कुल 100 अंकों में से वरीयता का निर्धारण किया जाएगा। जिसमें 70 प्रतिशत भार अंक प्रवेश परीक्षा के और 30 प्रतिशत अंकों का साक्षात्कार होगा। इसमें से वरीयता के क्रम में राज्य के आरक्षण के साथ उपलब्ध रिक्त सीटों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। साक्षात्कार प्रारम्भ करने की तिथि 5 सितम्बर 2023 निर्धारित की गई है।
Updated on:
16 Jun 2023 06:32 pm
Published on:
16 Jun 2023 06:32 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
