
कोटा. लोकतंत्र के महापर्व में बुजुर्गों ने उम्र के बंधन को तोड़कर मतदान किया तो युवा भी पीछे नहीं रहे। बूथों पर सुबह से ही बुजुर्ग और युवा मतदाताओं की कतार लगनी शुरू हो गई। हर किसी ने पोलिंग बूथ पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर मजबूत लोकतंत्र के लिए अपनी जिम्मेदारी का अहसास करवाया। सोमवार को लोकसभा चुनावों में बूथों पर बुजुर्गों की काफी संख्या देखने को मिली। कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र में 85 साल से अधिक उम्र के हजारों मतदाताओं ने जोश-उत्साह के साथ मतदान किया।
Lok Sabha Election 2019 Live Update: कोटा में मतदान शुरू, सुबह 6 बजे से मतदान केंद्रों पर लगी कतारें
बूंदी में 105 वर्षीय फूलाबाई अपने रिश्तेदारों के साथ चारपाई पर मतदान करने मतदान केंद्र पहुंची तो कोटा में 90 वर्षीय जीवन लाल औझा अपने पुत्रों के साथ मतदान करने पहुंचे। इसी तरह 85 से भी अधिक आयु के जागरूक मतदाता जो चलने फिरने में असमर्थ होने के बावजूद थे मतदान करने पहुंचे तो कई व्हील चेयर या अपने किसी परिजन के साथ बूथ पर पहुंचे महापर्व में भागीदारी निभाई। इसके अलावा दिव्यांग मतदाताओं ने भी उत्साह दिखाया। बूंदी में 105 वर्षीय फूलाबाई जैसे ही मतदान कर केंद्र से बाहर आई तो चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने अंगुली पर लगी मतदान की प्रतिक स्याही दिखाकर जागरूकता का संदेश दिया। इससे पहले उन्हें मतदान केंद्र के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा होने से उन्हें 15 मिनट तक तेज धूप में इंतजार करना पड़ा।
Lok Sabha Election: कोटा में आधे घंटे की देरी से शुरू हुआ मतदान तो बूंदी में ईवीएम खराब, लोगों ने किया हंगामा
कोटा में 85 वर्षीय महेश शर्मा अपनी पत्नी रेखा के साथ व 76 वर्षीय रामेश्वर गौतम अपने पुत्र के साथ मतदान करने पहुंचे। वे सभी सरकार चुनने के लिए उत्साहित नजर आए। पोलिंग बूथों पर युवाओं के साथ कंघे से कंधा मिलाकर अपनी बारी आने का इंतजार करते रहे। कई बूथों पर वरिष्ठजनों के बैठने के लिए स्टूल व कुर्सियों का भी इंतजाम किया गया। कोटा जिले में सुबह सुबह 9 बजे तक 13.73 फीसदी व बूंदी जिले में 13.21 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें बूंदी विधानसभा में 13.25, केशवरायपाटन में 13.22 व हिण्डोली विधानसभा में 13.23 फीसदी वोट डले।