
सड़कों पर उतरा माली समाज, बंशीलाल को इंसाफ नहीं मिला तो कर देंगे चक्काजाम
सांगोद. बूंदी जिले के नया बरधा गांव निवासी बंशीलाल माली की आत्महत्या के मामले में दोषी लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को यहां माली समाज के लोगों ने जुलूस निकालकर एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया तथा आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। अपनी मांग को लेकर लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया। इससे पूर्व बड़ी संख्या में माली समाज के लोग कोटा रोड स्थित माणसगाया मोहल्ले में एकत्रित हुए।
आस-पास के गांवों के भी लोग आए थे। दोपहर बाद लोग नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में गांधी चौराहा, गायत्री चौराहा, कुंदनपुर रोड होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। लोगों ने बंशीलाल के परिवार को न्याय दिलाने एवं पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लिखी तख्तियों के साथ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद हुई बैठक में आंदोलन को लेकर चर्चा हुई।
पुलिस बन रही पंगु
प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने यहां पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। समाज के लोगों ने कहा कि बंशीलाल की आत्महत्या के बाद सुसाइड नोट मिलने के बाद भी पुलिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर दोषी लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है।
इसमें मुख्य आरोपी कोटा उत्तर से भाजपा विधायक प्रहलाद गुंजल का भाई श्रीलाल गुजल है। प्रदर्शन माली समाज के लोगों ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में जल्द आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया तो आंदोलन को प्रदेश व्यापी बनाया जाएगा।
Published on:
27 Jun 2018 07:00 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
