विधायक भवानी सिंह राजावत ने कहा कि कोटा दो लाख बच्चों को सीने से लगाकर अपने बलबूते पर पैरों पर खड़ा हुआ है, किसी सरकार के बलबूते पर नहीं। कोटा उडऩा चाहता है, लेकिन छोटे से उडऩ खटोले से नहीं, यहां नया एयरपोर्ट चाहिए।
उन्होंने यह बात राज्य सरकार के 4 साल पूरे होने पर शनिवार को महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जिला प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में कही। उन्होंने कहा कि बेशक सरकार के 4 साल बेमिसाल हैं, लेकिन मलाल यह कि यहां बैठे किसी जनप्रतिनिधि के मन में कोटा में एयरपोर्ट का क्यों नहीं आया ख्याल। उन्होंने सांसद ओम बिरला की तरफ इशारा करते हुए कहा कि कोटा में हवाई जहाज लाने वाले बिरला की दिल्ली तक पहुंच है। कोटा उडऩा चाहता है, इसके लिए छोटे से उडऩ खटोले की नहीं, बड़े जहाज और नए हवाई अड्डे की जरूरत है। नए हवाई अड्डे के लिए कोटा में चम्बल किनारे दस हजार बीघा जमीन है। अच्छा तो यही होता कि 4 साल के जश्न के कार्यक्रम में नए हवाई अड्डे का शिलान्यास किया जाता।