केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से उनके घर मुलाकात की। इस दौरान सिंधिया ने कहा कि कोटा में बेहतरीन व आधुनिक सुविधायुक्त ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट (Greenfield airport ) का निर्माण करवाया जाएगा। हाल ही में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री बने ज्योतिरादित्य मंगलवार सुबह लोकसभा अध्यक्ष बिरला से शिष्टाचार भेंट करने पहुंचे। बिरला ने सिंधिया को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उड़ान योजना से देश के अनेक छोटे शहर अब हवाई सेवा से जुड़ चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सिंधिया के नेतृत्व में हवाई सेवा की सुविधा का तेजी से विस्तार होगा।