सांगोद. दीपावली बाद से स्कूल खुलने का इंतजार कर रहे अभिभावकों की फिर परेशानी बढ़ गई। शिक्षण संस्थान संचालकों की उम्मीदों को भी झटका लगा। राज्य सरकार के शिक्षण संस्थाओं को 30 नवंबर तक फिर बंद रखने के आदेश के बाद हर तरफ निराशा हाथ लगी है।
पूर्व में अभिभावक एवं शिक्षण संस्थान संचालकों को उम्मीद थी की दीपावली बाद फिर संस्थानों में रौनक शुरू हो जाएगी, लेकिन सरकारी आदेश के बाद सारी उम्मीदें धरी रह गई। निजी स्कूल संचालकों का मानना है कि इस आदेश ने बोर्ड परीक्षा की तैयारियों पर भी संकट आगया है। निजी विद्यालयों के साथ बोर्ड परीक्षा की तैयारी में लगे विद्यार्थियों को भी फिलहाल सरकार के इस आदेश के बाद घर पर ही बोर्ड परीक्षा की तैयारी करनी होगी। पहले सरकार से संकेत मिल रहे थे कि संभवत दीपावली बाद बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले बच्चों को स्कूल जाने की अनुमति मिल जाएगी। ऐसा नहीं हुआ। स्कूल नहीं खुलने से अभिभावक भी पशोपेश में है। शिक्षण सत्र के पांच माह बीत गए, लेकिन अभी तक बच्चों के स्कूल खुलने को लेकर कोई योजना नहीं दिख रही।