
कोटा में स्थापित होगा आचार्यकुलम और योग पीठ
कोटा. योग और अध्यात्म की शिक्षा देने के लिए पतंजलि योग पीठ कोटा में 'आचार्यकुलम और योग पीठ की स्थापना करेगी। इसका शिलान्यास 21 जून को मुख्यमंत्री करेंगी। कोटा प्रवास के दौरान बाबा रामदेव ने हाड़ौती वासियों को यह तोहफा देने की घोषणा की।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि योग क्रिया सिर्फ तीन दिन तक सीमित न रह जाए इसलिए दोनों संस्थानों को कोटा में शुरू करने का फैसला किया गया है। दोनों संस्थानों की स्थापना के लिए यूआईटी से जमीन लेने का प्रस्ताव भी दे दिया गया है।
बनेगा वल्र्ड रिकॉर्ड का 'रिकॉर्ड
बाबा ने बताया कि 21 जून को आरएसी ग्राउंड पर वल्र्ड रिकॉर्ड का भी रिकॉर्ड कायम किया जाएगा, 50 विभिन्न योग विद्याओं में एक साथ योग कर अलग-अलग रिकॉर्ड कायम किए जाएंगे। करीब 3 लाख लोग एक साथ योग करेंगे।
कैंसर के इलाज का दावा
उन्होंने योग के जरिए कैंसर के इलाज का भी दावा किया। कहा कि, दुनिया भर में १०० लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की दवाएं और फूड सप्लीमेंट खाए जाते हैं, लेकिन कोई डॉक्टर और दवा कंपनी बीमारी खत्म करने की गारंटी नहीं लेती। हम योग और लौकी के जूस जैसी चीजों से ब्लड प्रेशर और डायबिटीज ही नहीं, कैंसर भी ठीक करके दिखा चुके हैं। इसके दस्तावेज हमारे पास हैं।
नहीं होने देंगे एक भी आत्महत्या
बाबा ने योग समारोह के लिए कोटा को चुनने की वजह भी बताई। कहा कि, यहां देश भर के लाखों छात्र पढ़ाई करने आते हैं, इस दौरान अवसाद के शिकार हो जाते हैं। आत्महत्या तक कर लेते हैं। यह प्रवृत्ति खत्म करने के लिए यहां आयोजन किया जा रहा है। बच्चों को आत्महत्या नहीं करने देंगे।
इस दौरान सांसद ओम बिरला, जिला कलक्टर गौरव गोयल, महापौर महेश विजय, यूआईटी चेयरमैन आरके मेहता, रेजोनेंस के एमडी आरके वर्मा और एलन के निदेशक गोविंद माहेश्वरी भी मौजूद रहे
Published on:
18 Jun 2018 09:37 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
