
डाढ़देवी के दर्शन कराने के बहाने महिला को ले गया था जंगल, गला घोंटकर की थी हत्या
कैथून थाना क्षेत्र के डाढ़देवी के जंगल में करीब दो माह पहले महिला की गला घोंटकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने गुरुवार को पर्दाफाश करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने प्रेम प्रसंग के चलते उससे पीछा छुड़ाने के लिए महिला की हत्या की थी।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि 29 जनवरी 2017 को डाढ़देवी के जंगल में गणेश मंदिर के पीछे महिला का शव मिला था। उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। महिला की पहचान अगले दिन उसके पति रामप्रसाद ने प्रेम नगर अफोर्डेबल हाउसिंग योजना निवासी मीना बाई के रूप में की थी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान व आरोपित की तलाश की।
एसपी ने बताया कि आरोपित की तलाश के लिए उप अधीक्षक महेन्द्र सिंह भाटी, कैथून थानाधिकारी पुष्पेन्द्र आढ़ा, एएसआई अजीत मोगा व हैड कांस्टेबल दिगम्बर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की। टीम ने मृतका के परिजनों, घटना स्थल के आस-पास व डाढ़देवी जंगल के रास्ते में सीसीटीवी कैमरों को खंगाला।
अनुसंधान के दौरान घटना स्थल पर हरिओम नगर कच्ची बस्ती रंगबाड़ी निवासी बंटी सुमन उर्फ बंटी गुर्जर नामक व्यक्ति की मोबाइल लोकेशन पाई गई। इसके आधार पर पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया। लेकिन वह मोबाइल बंद कर लापता हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। गुरुवार को पुलिस ने आरोपित बंटी को झालावाड़ जिले के खानपुर से गिरफ्तार कर लिया।
थानाधिकारी पुष्पेन्द्र आढ़ा ने बताया कि पूछताछ में आरोपित बंटी का कहना है कि वह खानपुर का ही रहने वाला है। पहले प्रेम नगर अर्फोडेबल हाउसिंग योजना में रहता था। वहां मीना बाई से उसके प्रेम संबंध हो गए। शादीशुदा होने के बावजूद मीना उससे शादी करना चाहती थी। इसलिए उससे छुटकारा पाने के लिए वह 25 जनवरी को मीना को बाइक पर बैठाकर डाढ़देवी में दर्शन कराने व घुमाने के बहाने ले गया। वहां जंगल में ले जाकर स्कार्फ से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वहां से भाग गया। आरोपित को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
Published on:
30 Mar 2017, 10:56 PM IST
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.