फ्लोरिडा, यूएसए से विजय चौधरी
अमरीका में भारतवंशियों की धाक की एक और मिसाल कायम हुई। फ्लोरिडा के टेम्पा निवासी भारतीय मूल के ख्यात डॉ किरण सी. पटेल और उनकी पत्नी डॉ पल्लवी पटेल ने इस बार भारतीयों को फक्र करने का मौका दिया है। पटेल दंपती ने अमरीका की नोवा साउथईस्टर्न यूनिवर्सिटी में मेडिकल शिक्षा को मजबूती प्रदान करने के लिए 1320 करोड़ रुपए (200 मिलियन डॉलर) दान दिए। इस राशि में 330 करोड़ रुपए (50 मिलियन डॉलर) नकद हैं और 990 करोड़ रुपए रुपए (150 मिलियन डॉलर) से इंफ्रास्ट्रक्टर विकसित किया जाएगा। यूनिवर्सिटी में हुए एक सादगी भरे समारोह में डॉ पटेल ने इस दान की घोषणा की। यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट डॉ जॉर्ज एल. हैनबरी ने बताया कि यूनिवर्सिटी में इस राशि से दो नए कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं। इनके नाम डॉ. किरण सी. पटेल कॉलेज ऑफ ऑस्टियोपैथिक मेडिसिन और डॉ. पल्लवी पटेल कॉलेज ऑफ हेल्थ केयर साइंसेस रहेंगे।