
चंबल और पार्वती नदी उफान पर, 20 किमी का सफर तय करने के लिए यात्री लगा रहे 100 किमी का अतिरिक्त चक्कर
खातौली. पार्वती व चंबल नदी में पानी की आवक होने से कोटा-श्योपुर व खातौली सवाई माधोपुर मार्ग गुरुवार को भी बंद रहे। सुबह नौ बजे खातौली-पार्वती पुल पर दस फीट पानी था जो शाम पांच बजे तक पांच फीट रह गया। नदी में धीमी गति से पानी की आवक कम हो रही है। ऐसे में शुक्रवार सुबह तक मार्ग बहाल होने की संभावना है। गत चार दिनों से मार्ग बंद होने से खातौली से श्योपुर जाने के लिए राहगीरों को सौ किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। जबकि खातौली से श्योपुर सड़क मार्ग महज बीस किलोमीटर है।
वहीं, चंबल झरेर पुल पर लगातार पानी की आवक रहने से गुरुवार को 9वें दिन भी यह मार्ग बंद रहा। बारां से दिल्ली व जयपुर के लिए रोडवेज बसों का संचालन खातौली-सवाई माधोपुर मार्ग से होने के कारण बस सेवा भी ठप पड़ी है। ऐसे में लोगों को कोटा होकर सफर करना पड़ रहा है।
खातौली-करवाड़ सम्पर्क सड़क क्षतिग्रस्त
खातौली. कस्बे को पीपल्दा मुख्यालय से जोडऩे वाली खातौली-करवाड़ सम्पर्क सड़क बरसात से क्षतिग्रस्त हो गई। इससे चौपहिया वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। वहीं, दुपहिया वाहन चालकों को सड़क पार करने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि गोरधनपुरा के आगे बनी पुलिया गत बरसात में क्षतिग्रस्त हो गई थी। पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा मरम्मत नहीं करवाने से हाल ही में हुई झमाझम बारिश से पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। जल्द ही मरम्मत नहीं करवाई गई तो दर्जन भर गावों का करवाड़ व खातौली से कट जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग की मरम्मत करवाने की मांग की है।
Published on:
27 Jul 2018 12:54 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
