8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बारां-झालावाड़ में प्री-मानसून की जोरदार बारिश

सड़कों पर पानी बहा, खेतों में पानी भराकोटा में दोपहर बाद रिमझिम बारिश
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

कोटा

•

image

Shailendra Tiwari

•

Updated: 13 Jun 2021, 8:03 PM IST

बारां-झालावाड़ में प्री-मानसून की जोरदार बारिश

बारां-झालावाड़ में प्री-मानसून की जोरदार बारिश

कोटा. हाड़ौती अंचल के झालावाड़ जिले में रविवार को प्री-मानसून की जोरदार बारिश हुई। इससे सड़कों पर पानी बह निकला और खेतों में भी पानी भर गया। पिछले एक सप्ताह से भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। वहीं, किसान खुश हैं कि मानसून आएगा, तब तक खेत बुवाई के लिए तैयार कर लेंगे। झालावाड़ के रटलाई, बकानी, भीमसागर, हरिगढ़, सोजपुर, रायपुर क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई। किसी जगह आधे घंटे तो किसी जगह एक घंटे तक जोरदार बारिश हुई।


रिमझिम बारिश के बाद उमस का जोर
कोटा में भी प्री-मानसून की रिमझिम बारिश हुई। उसके बाद उमस का जोर बढ़ गया। इससे लोग पसीने से तरबतर रहे। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। कोटा में सुबह से ही भीषण गर्मी का जोर रहा। दोपहर में मौसम बदला। बादल छाए और रिमझिम बारिश हुई, लेकिन वापस धूप खिल गई। इससे उमस बढ़ गई। शाम ढलने के बाद बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार, बादल छाए रहने से तापमान में 2 व न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस गिर गया। अधिकतम तापमान 41.6 व न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा।


देई में बारिश, कई जगह धूलभरी हवा चली
बूंदी जिले में रविवार को देई में पांच मिनट बारिश हुई। वहीं, करवर, नौताड़ा, कापरेन में धूलभरी हवा के बीच बूंदाबांदी हुई। बूंदी में सुबह से तीखी धूप रही। दोपहर में बादल छाए, लेकिन बरसे नहीं।


शाहाबाद की सिरसा नदी में आया उफान
बारां जिले में रविवार शाम को तेज अंधड़ के बाद कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। अंधड़ के दौरान कई घरों के टीन-टप्पर उड़ गए तो कई इलाकों में पेड़ व विद्युत लाइनें धराशायी हो गई। काफी देर तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। हालांकि बारिश के बाद ठंडी हवा चलने से लोगों को उमस से राहत मिली। बारिश के बाद शाहाबाद उपखंड की सिरसा नदी में उफान आ गया। वहीं, झालावाड़ रोड पर एक किसान के खेत में लगा पॉली हाउस अंधड़ में ऐसा उड़ा कि आसपास तक उसके अवशेष नहीं मिले। बारां में शाम चार बजे बाद अचानक अंधड़ का दौर शुरू हुआ। यह इतना तेज था कि कई सघन पेड़ हिलने लगे। हवा का वेग तेज होने से लोग सहम उठे। अंधड़ का वेग धीमा पडऩे पर बारिश शुरू हो गई। अंधड़ दौरान के कई कच्ची बस्तियों में मकानों के टीन-टप्पर उड़ गए। शहर के झालावाड़ रोड पर कलमंडा गांव के निकट स्थित एक फार्म हाउस का पॉलीहाउस उड़ गया। फार्म हाउस के मालिक कुशल कसेरा ने बताया कि दूर तक ढूंढऩे पर पॉलीहाउस के अवशेष तक नहीं मिले।