
SET-2026 Exam : जयपुर में सेट की परीक्षा दे रही एक अभ्यर्थी ने जताया अपना विरोध। फोटो-ANI
SET-2026 Exam : राजस्थान के महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में सहायक आचार्य पद के लिए पात्रता निर्धारित करने वाली राज्य पात्रता परीक्षा (सेट)-2026 का आयोजन रविवार को कोटा विश्वविद्यालय की ओर से प्रदेशभर में किया गया। परीक्षा राजस्थान के सात संभाग मुख्यालयों में बनाए गए 429 परीक्षा केन्द्रों पर हुई। परीक्षा के लिए 1,77,901 अभ्यर्थियों ने 37 विषयों में पंजीकरण कराया था। इनमें से 1,38,618 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस तरह कुल उपस्थिति करीब 78 प्रतिशत रही।
परीक्षा एक पारी में सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की गई। केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की कतार लगी रही। सुबह 10 बजे तक अभ्यर्थियों को केन्द्र पर प्रवेश दिया गया। उसके बाद गेट बंद कर दिए गए। केन्द्रों पर पुलिस और कॉलेज स्टाफ ने मेटल डिटेक्टर से जांच की। तीन लेयर की चैकिंग के बाद अभ्यर्थियों को केन्द्र में प्रवेश दिया। परीक्षा ऑफलाइन ओएमआर आधारित प्रणाली से आयोजित की गई। परीक्षा की निगरानी और केन्द्रों से समन्वयक के लिए कोटा विवि में केन्द्रीय कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया। परीक्षा के सफल संचालन के लिए कोटा विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश, बैठक व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, गोपनीयता और पारदर्शिता से संबंधित व्यवस्थाएं की गई थी। निगरानी के लिए उड़न दस्तों का गठन किया गया। जिला व विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से गठित दलों ने भी परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया।
जाम में फंसने के कारण जयपुर संभाग के 2 परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्नपत्र एवं परीक्षा सामग्री समय पर नहीं पहुंच सकी। इसके चलते बंसल इंटरनेशनल स्कूल चौमूं, जयपुर और पिंकसिटी एकेडमी सीनियर सैकण्डरी स्कूल खोराबीसल, जयपुर में परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया गया। इन केन्द्रों पर पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा केन्द्र एवं तिथि की सूचना विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जल्द जारी की जाएगी।
जयपुर में आज बैनर रोड पर स्थित पिंक सिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र पर हंगामा हो गया। राजस्थान स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट (SET-2026) देने आए नाराज़ उम्मीदवारों ने विरोध-प्रदर्शन किया और परीक्षा का बहिष्कार किया। उनकी शिकायत थी कि प्रश्न पत्र बांटने में आधा घंटे की देरी हुई और केंद्र पर कुप्रबंधन हुआ। एक उम्मीदवार, अनीता लांबा कहती हैं, यहां गेट बंद होने का आखिरी समय सुबह 10 बजे था। हम सुबह 9 बजे ही यहां पहुंच गए थे। परीक्षा सुबह 11 बजे शुरू होनी थी, लेकिन तब तक प्रश्न पत्र हम तक नहीं पहुंचा था। जब हमने अधिकारियों से सवाल किया, तो उन्होंने हमें डराया-धमकाया। सुबह 11.30 बजे से हम गेट के पास इंतज़ार कर रहे हैं और पुलिस प्रशासन से बात कर रहे हैं। लेकिन अब जाकर प्रिंसिपल ने हमें एक नोटिस दिखाया है जिसमें लिखा है कि परीक्षा रद्द कर दी गई है।
हमने यह मान लिया है कि परीक्षा रद्द हो गई है, लेकिन ज़रा सोचिए, हम सुबह 6.30 बजे घर से निकले थे और सुबह 9 बजे यहां पहुंचे। परीक्षा केंद्र काफी दूर-दराज़ इलाके में है, फिर भी हम किसी तरह यहां पहुंचे। हमें इसका जवाब चाहिए। जब परीक्षा का पेपर केंद्र पर आधे घंटे की देरी से आता है, तो हमसे सब्र रखने की उम्मीद कैसे की जा सकती है? क्या इसका कोई समाधान है? छात्रों के साथ ऐसा होता रहा है। आगे भी होता रहेगा, और अभी भी हो रहा है… हमें जवाब चाहिए।
जयपुर की एक और अभ्यर्थी सान्या कंवल कहती हैं, मैं यहां परीक्षा देने आई थी। मेरे सेंटर पर इनविजिलेटर 11वीं क्लास की एक स्टूडेंट थी। वह पेपर पर ऐसे साइन कर रही थी जैसे कोई छोटा बच्चा कुछ भी टेढ़ा-मेढ़ा लिखता है। 11 बजे हमने पूछा कि पेपर अभी तक क्यों नहीं आया। उन्होंने कहा कि पेपर आ रहा है और हमसे पांच मिनट इंतज़ार करने को कहा। हमने पांच मिनट इंतज़ार किया, और फिर उन्होंने हमसे और 10 मिनट इंतज़ार करने को कहा। उन्होंने कहा कि वे हमें इसकी भरपाई के लिए एक्स्ट्रा समय देंगे। हम चाहते हैं कि जो परीक्षा रद्द हुई है, वह दोबारा हो। दूसरी बात, हम चाहते हैं कि सेंटर बदल दिया जाए।
कुलगुरु प्रोफेसर बीपी सारस्वत ने बताया कि सेट-2026 का परिणाम सितंबर माह के अंत तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा। परीक्षा के दौरान नकल अथवा अनुचित साधनों के प्रयोग का कोई मामला सामने नहीं आया। प्रश्नपत्रों को लेकर भी कोई परिवेदना प्राप्त नहीं हुई। विश्वविद्यालय ने दावा किया कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ सम्पन्न हुई।
संभाग - केन्द्र - पंजीकृत - उपस्थित
कोटा 32 14,839 12,465
अजमेर 37 13,753 10,854
भरतपुर 24 8,482 6,882
बीकानेर 62 22,281 17,081
जयपुर 171 78,617 60,094
जोधपुर 58 22,609 17,807
उदयपुर 45 17,320 13,435
कुल 429 1,77,901 1,38,618।
Updated on:
13 Sept 2026 10:31 pm
Published on:
13 Sept 2026 10:31 pm
