
कोटा . किशोर सागर की पाल पर हर रविवार को खुशियों का मेला लगता है लेकिन आज की सुबह शहरवासियों के लिए बहुत ही खास रही। यहां सामाजिक, सांस्कृतिक, शारीरिक गतिविधियों के साथ धार्मिक आयोजन भी हुए।
किशोर सागर की शांत लहरों के बीच अष्टमी के मौके पर दुर्गा स्वरूप नौ कन्याओं का पूजन किया गया। साथ ही हमराह में आने वाली हर बालिकाओं को तिलक लगाकर उपहार दिए और पैर छूकर आशीर्वाद लिया। वहीं, आर्य समाज की ओर से यज्ञ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने आहूतियां दी। राजस्थान पत्रिका की ओर से आयोजित हमराह में शहरवासी खुशियों के इस पल के गवाह बने।
कोटावासी सुबह 6 बजे तालाब की पाल पर एकत्रित हुए। चारों तरफ उत्साह, उमंग और खुशी का नजारा था। यहां लोग हमराह के हमसफर बने और खुशियों से भरी सुबह की मस्ती में खो गए। यहां खेलकूद, ड्रॉइंग, पेंटिंग, डांसिंग, सिगिंग के साथ शुगर व बीपी की जांचें भी की गई।
सुभाष सोरल व उनकी टीम ने शहर में आने वाले बच्चों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। नाटक मंचन के माध्यम से बताया कि किस तरह से गांव से आने वाले विद्यार्थी शहर में आकर नशे के जाल में फंस रहे हैं। नशे से परिवार तबाह हो रहे हैं। युवा पीढ़ी भटक रही है। कलाकारों ने युवाओं को जागरूक कर नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया। किशोर आर्य ने सूर्य नमस्कार के स्टेप बताएं। कुछ बच्चों ने यहां पेंटिंग कर शहर की भावी तस्वीर कैनवास पर उतारी।
इसके अलावा म्यूजिक और डांस का आनंद लिया तो कुछ बच्चों ने साइकिल चलाकर मॉर्निंग वॉक की मस्ती में डूबे रहे। महाबली स्पोर्ट एकेडमी की ओर से बच्चों को बॉक्सिंग के गुर सिखाए। शिव ज्योति एजुकेशनल ग्रुप के शिव ज्योति इंटरनेशनल स्कूल रानपुर की ओर से हमराह में 501 कन्याओं का श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
Published on:
25 Mar 2018, 10:57 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.