
राजपूत नेताओं ने भाजपा पर लगाया वादा खिलाफी का आरोप, विधानसभा चुनावों में नतीजा भुगतने की दी चेतावनी
कोटा . भाजपा में दम घुटने का बयान देकर लाड़पुरा विधायक भवानी सिंह राजावत राजपूत समाज के ही निशाने पर आ गए हैं। सर्व राजपूत समाज संघर्ष समिति ने इसे समाज को बांटने की कोशिश करार दिया है। कोटा में जुटे राजस्थान के नेताओं ने कहा कि विधायक राजावत अगले विधान सभा चुनाव में खुद को हारता हुआ देखकर घडिय़ाली आंसू बहा रहे हैं। संघर्ष समिति ने राजस्थान सरकार और प्रदेश भाजपा पर भी जमकर हमला बोला।
सर्व राजपूत समाज संघर्ष समिति के अध्यक्ष गिरिराज सिंह लोटवाड़ा ने कहा कि विधायक भवानी सिंह राजावत राजपूत समाज को बांटने की कोशिश में जुटे हैं। यदि उन्हें समाज की इतनी ही चिंता थी तो अमरूदों के बाग में राजपूत समाज के दो वरिष्ठ नेताओं की पगड़ी उछालने के बाद मिले विधान सभा के टिकिट को ठोकर मार देते। उस वक्त तो समाज को परे धकेल न सिर्फ टिकट लिया, बल्कि समाज के कंधे पर चढ़कर सदन में पूरे 15 साल भी गुजार दिए, लेकिन इस कार्यकाल के दौरान राजपूत समाज और उसका हित उन्हें कभी याद नहीं आया।
लोटवाड़ा ने चुटकी लेते हुए कहा कि समाज की हालत नहीं खुद की हार देख राजावत का दम फूल गया है। समाज के लोगों को पीछे धकेल 2 बाई 2 की बॉडी से ऑडी कार तक का सफर करने लायक हो गए तब तक विधायक को भाजपा में घुटन नहीं हुई, लेकिन जब राजपूत समाज भाजपा को सबक सिखाने के लिए खड़ा हो गया तो दम घुटने लगा। वास्तविकता यह है कि राजावत समाज के प्रति इतने ही ईमानदार होते तो पहले ही इस्तीफा दे देते, लेकिन अब जब उन्होंने समाज की एकता और अजमेर व अलवर के उपचुनावों में भाजपा को हारते हुए देखा तो पाला बदलने की कोशिश में जुट गए। लोटवाड़ा ने कहा कि बावजूद इसके राजावत अपनी वायदा खिलाफी की माफी मांगें तो समाज अब भी उन्हें गले लगा लेगा, लेकिन वह सोच रहे हों कि घडय़िाली आंसू बहाकर राजपूत समाज को बरगला लेंगे तो इस सोच को दिलो-दिमाग से निकाल दें। अब राजपूत समाज किसी झासे में नहीं आने वाला।
सरकार के खिलाफ खोला मोर्च
पूरे राजस्थान से सर्व राजपूत समाज संघर्ष समिति के पदाधिकारी और सहयोगी राजपूत संगठनों के नेता रविवार को कोटा में जुटे। उन्होंने आनंदपाल सिंह और चतुर सिंह एनकाउंटर के बाद हुए प्रदर्शनों, पदमावती फिल्म रिलीज, सामराऊ गांव में हुए अग्रिकांड प्रकरण में राजपूत समाज के लोगों पर लगाए गए मुकदमों को राजनीतिक षणयंत्र बताते हुए वापस लेने की मांग की। लोटवाड़ा ने कहा कि सरकार ने मुकदमे वापस लेने का लिखित समझौता किया था, लेकिन उसके बाद भी मुकर गई। अलवर और अजमेर उपचुनाव में भाजपा की हार इसी नाराजगी का नतीजा है। सरकार ने अब भी फैसले पर अमल नहीं किया तो राजपूत समाज विधानसभा चुनावों में भाजपा को बुरी तरह हराकर सबक सिखाएगा।
राजपूत राजनेता भी रहे निशाने पर
बिनानी रोटरी सभागार में हुई बैठक में राजस्थान भाजपा के सभी राजपूत विधायक, सांसद और पार्टी पदाधिकारी संघर्ष समिति के निशाने पर रहे। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि वह समाज के नाम पर अपना नाम चमका रहे हैं, लेकिन आरक्षण से लेकर राजपूत सिपाही के शहीद होने के बाद परिवार को आर्थिक मदद दिलाने तक के मामलों में यह कहीं दिखाई नहीं देते। अपनी जरूरतों के लिए समाज के दरवाजे पर खड़े हो जाते हैं, लेकिन जब समाज उनके दरवाजे पर खड़ा होता है तो मुंह मोड़ लेते हैं।
निकालेंगे स्वाभिमान यात्रा
संघर्ष समिति के प्रवक्ता दुर्ग सिंह खींवसर ने कहा कि सरकार अब भी नहीं चेती तो प्रदेश के राजपूतों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ भाजपा और प्रदेश सरकार को सबक सिखाने के लिए स्वाभिमान यात्रा निकालेंगे। इस दौरान राजपूत विकास परिषद के अध्यक्ष रणजीत सिंह नोसल, रावणा राजपूत सभा के मोहन सिंह हाथोज, कुचामन नगर पालिका के डिप्टी चेयरमैन मनोहर सिंह रूपपुरा, जय राजपूता संघ के भंवर सिंह रेटा, राजपूत सभा जयपुर के महामंत्री बलवीर सिंह हाथौज, रायुफा के के अध्यक्ष शंभू सिंह कानावत, हाड़ौती क्षत्रिय शिक्षा समिति के शिवराज राठौड़, राजपूत करणी सेना के पवन सिंह हाड़ा, राजपूत सभा के भवानी सिंह चौहान, राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के निर्भय सिंह शक्तावत, चंचल चौहान, कमल सिंह बडग़ुर्जर और नन्द सिंह हाड़ा समेत राजपूत समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
20 May 2018, 11:42 PM IST
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़




