
-चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला
रावतभाटा. कोटा-रावतभाटा मार्ग पर कोलीपुरा घाटी क्षेत्र में मंगलवार दोपहर रावतभाटा से कोटा की ओर जाते समय चित्तौडगढ़ आगार की रोडवेज बस ब्रेक पाइप फटने से अनियंत्रित हो गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को पास ही स्थित वन विभाग की सुरक्षा दीवार से टकराकर रोका। घटना में कुछ यात्रियों के हल्की चोट आई हैं। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब डेढ़ बजे चित्तौडगढ़़ डिपो की रोडवेज बस रावतभाटा से कोटा के लिए रवाना हुई थी।
घाटी क्षेत्र में हनुमान मंदिर से आगे स्थित वन विभाग की चौकी के पास करीब सवा 2 बजे बस का ब्रेक पाइप फट गया। इससे बस अनियंत्रित हो गई। ढलान होने के चलते चिंतित चालक महेन्द्र मीणा ने यात्रियों को बस में पीछे की ओर जाने को बोला। अचानक हुए घटनाक्रम से बस में सवार यात्री हतप्रभ रह गए और चालक के कहे अनुसार बस के पिछले हिस्से की ओर चले गए। इसके बाद चालक ने बस को सड़क किनारे बनी सुरक्षा दीवार से टकराकर रोक दिया। फिर धीरे-धीरे बस में सवार यात्री बाहर निकले। दीवार से टकराने से बस का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। शाम छह बजे तक बस को मौके से हटाया नहीं गया था। सूचना मिलते ही मौके पर कोटा से प्रशासनिक अधिकारी कालूलाल व पुलिस रेस्क्यू टीम के साथ मौैके पर पहुंचे। तब तक बस में सवार सभी यात्री जा चुके थे। उन्होंने चालक से घटना की जानकारी ली।
Read More: कोटा में लू का प्रकोप: कुएं के पास तक पहुंच गया था भूखा-प्यासा बुजुर्ग, फिर हुआ यह….
जो साधन मिला उसी से रवाना
दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्री भीषण गर्मी में काफी समय तक मौके पर खड़े रहे। इसके बाद कोटा व रावतभाटा की ओर से आने-जाने वाली बसों व अन्य साधनों से गन्तव्य तक रवाना हुए।
Read More : पेट की आंत फटने से युवक की दर्दनाक मौत, बाप बोला-मेरे लिए 2 साल पहले ही मर गया था बेटा, बहू-पौती को ठुकराया
लगी वाहनों की कतारें
घटना के बाद आने-जाने वाले वाहन चालक दुर्घटना को देखने के लिए मौके पर रुकने लगे। इससे मौके पर वाहनों की कतार लग गई। अन्य वाहन चालकों को परेशानी हुई। बाद में पुलिस ने वाहनों की आवाजाही शुरू कराई।