
कोटा . रामतलाई स्थित झूलेलाल मंदिर में झूलेलाल सेवा समिति के तत्वावधान में मनाए जा रहे झूलेलाल जयंती महोत्सव के तहत शनिवार को छठी पर्व मनाया। इस मौके पर भक्तों ने भगवान का नामकरण किया। इसके साथ ही अब भगवान को श्रद्धालु भगवान झूलेलाल को प्यार से उडेरो कहकर पुकारेंगे। मंदिर समिति के अध्यक्ष सतीश गोपलानी ने बताया कि मंदिर में झूलेलाल जयंती के बाद छठे दिन भगवान का नामकरण किया जाता है।
आयोजन के तहत भगवान का नामकरण करने के लिए उपस्थित श्रद्धालुओं से सलाह ली। उन्हें भगवान के 101 नाम बताए। श्रद्धालुओं को इनमें से उडेरोलाल नाम अच्छा लगा। लोगों की राय से भगवान का नाम रखा गया। इस मौके पर भगवान झूलेलाल व अन्य प्रतिमाओं का विशेष शृंगार किया, बाद में 101 दीपों से भगवान की आरती की गई। मंदिर जयकारों से गूंज उठा।
गोपलानी ने बताया कि रविवार को दोपहर 12 बजे झूलेलाल जयंती महोत्सव का समापन होगा। इस मौके पर महोत्सव के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता जिन्हें पूर्व में पुरस्कृत नहीं किया गया व 19 मार्च को निकाली गई शोभायात्रा में शामिल हुई झांकियों, स्वागत करने वाली श्रेष्ठ संस्थाओं को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। इसमें भजन कीर्तन भी होंगे। नवरात्र महोत्सव का समापन भी होगा।
यहां यज्ञोवपित संस्कार का आयोजन
जय शिव शंकर पूज्य सिंधी पंचायत समिति कार्यक्षेत्र महावीर नगर विस्तार योजना, आरकेपुरम, श्रीनाथपुरम चित्रगुप्त कॉलेनी बॉम्बे योजना विवेकानंद कॉलोनी के तत्वावधान में रविवार को सुबह 10 बजे महावीर नगर विस्तार योजना सेक्टर 4 स्थित झूलेलाल मंदिर में यज्ञोपवित संस्कार का आयोजन किया जाएगा। महामंत्री शमशेर परमानी ने बताया कि इसमें 21 बटुकों को नि:शुल्क जनेऊ दी जाएगी।
Published on:
24 Mar 2018, 9:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.