
BIG NEWS: रफ्तार से कोटा आ रहा सोयाबीन से भरा ट्रक पलटा और घिसटता हुआ दुकानों तक पहुंचा, सड़कों पर दरारें...
सुल्तानपुर. कस्बे में इटावा रोड पर सोमवार शाम सोयाबीन से भरा ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक सवार तीन युवक व बाइक सवार बाल-बाल बच गए। सुल्तानपुर एसएचओ प्रहलाद मेघवाल ने बताया कि सोयाबीन की बोरियों से भरा ट्रक इटावा से कोटा की ओर जा रहा था।
सुल्तानपुर फार्म के पास चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक घिसटता हुआ सड़क की दूसरी साइड स्थित दुकानों तक जा पहुंचा। हादसे में ट्रक सवार चालक इमाम भाई, खलासी विष्णु प्रसाद व हेल्पर मुकेश बैरवा बाल बाल बच गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें ट्रक से बाहर निकला गया। हादसे में ट्रक का केबिन और पास में स्थित हैण्डपंप भी क्षतिग्रस्त हो गया। दुकानों के फर्श पर भी दरारें आ गई।
इधर, मेटाडोर ने युवक को कुचला
सुल्तानपुर. क्षेत्र में दीगोद माइनर के पास सोमवार सुबह मेटाडोर ने आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मेटाडोर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार मेहंदी गांव निवासी निशान सिंह (35) पुत्र गुरदीप सिंह मेहंदी उपशाखा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति में काम करता था। वह सुबह दीगोद स्थित समिति की मुख्य शाखा डेयरी पर दूध देने जा रहा था। इसी दौरान दीगोद माइनर के पास मेटाडोर चालक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयानक था कि युवक बाइक सहित घिसटता हुआ पास ही निमोदा माइनर ड्रेन में जा गिरा। हादसे में निशान की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक को सुल्तानपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। दीगोद एसएचओ नारायण सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की रिपोर्ट मामला दर्ज कर लिया है। मेटाडोर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। वहीं, मेटाडोर को जब्त कर लिया गया है।
बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक निशान के तीन बच्चे हैं। परिवार में वह अकेला ही कमाने वाला था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शव पहुंचते ही गांव में मातम छा गया। शाम को गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
Published on:
27 Nov 2018 08:00 am
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
