
भरी सभा में बोले धारीवाल- मंत्रीजी आपके हाथ जोड़ता हूं, कोटा के साथ मत कीजिए भेदभाव, इतिहास तक बदल रही सरकार
कोटा शिक्षा विकास मंच की ओर से शहर में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में नगरीय विकास मंत्री शांति कुमार धारीवाल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की मौजूदगी में केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक से कहा कि कोटा के कोचिंग संस्थान दिन-रात मेहनत करके बच्चों का कॅरियर बना रहे हैं।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की कमी पूरी करने की कोशिश कर रहे हैं तो फि र इस पर 18 प्रतिशत जीएसटी क्यों लिया जाता है। मैंने हर स्तर पर यह मुद्दा उठाया है। मैंने तत्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली से भी कोचिंग पर लगने वाले 18 प्रतिशत जीएसटी को खत्म करने के अनुरोध किया था। मंत्रीजी... आपसे हाथ जोड़कर निवेदन है कि कोचिंग पर लगने वाले 18 प्रतिशत जीएसटी को खत्म करें।
कोटा सबसे बेहतर रिजल्ट देता है, लेकिन शहर से भेदभाव होता है, यहां आईआईटी की प्रवेश परीक्षाओं के परीक्षा केन्द्र नहीं दिए जाते। जब बच्चा कोटा में पढ़ाई करता है, लेकिन उन्हें परीक्षा देने दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है। कोटा में ही परीक्षा केन्द्र भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे देश में एक जैसी शिक्षा प्रणाली होनी चाहिए। उन्होंने कहा, देश में एक शिक्षा नीति नहीं होने के कारण कई बार राज्य सरकारें किताबों में इतिहास ही बदल देती है।
Published on:
09 Sept 2019 03:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
