कोटा. शहर में सूदखोरों का मकडज़ाल बिछा हुआ है। इसमें फंसे लोग अपनी पीड़ा बताना चाहते हैं, लेकिन उन्हें सूदखोरों ने इतना डरा रखा है कि वे खुलकर सामने तक नहीं आ पा रहे। हालांकि गोपनीय तरीके से लोग अपनी पीड़ा साझा कर रहे हैं। ऐसे ही एक पीडि़त ने रविवार को राजस्थान पत्रिका से अपना दर्द बयां किया। सिविल लाइन निवासी 26 वर्षीय एक युवक ने नोटबंदी के समय आवश्यक कार्य के लिए एक सूदखोर से 1 लाख रुपए उधार लिए। इसके बाद से वह अब तक 2 लाख 20 हजार रुपए सूदखोर को दे चुका है, लेकिन सूदखोर 2 लाख 20 हजार रुपए की और मांग कर रहा है। सूदखोर की आेर से रोजाना फोन पर धमकियां मिल रही हैं। रविवार शाम को भी सूदखोर ने फोन कर कार छीनने की धमकी दी। पहले ही एक बार गाड़ी छीनकर ले जा चुका है। गाड़ी का रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र और खाली चेक सूदखोर ने अपने कब्जे में ले रखे हैं।