
मोड़क स्टेशन. कोटा जिले के दरा स्टेशन पर ढाबे पर बैठे शराबियों ने बारातियों पर जानलेवा हमला कर दिया। साथियों को फोन कर बुलाया और बस में जमकर तोडफ़ोड़ कर दी। अचानक हुए हमले से बस में सवार बाराती महिलाओं व बच्चे सहम गए और थाने में जाकर शरण ली। मोड़क पुलिस ने पीडि़त पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर दो जनों को हिरासत में लिया है।
झालवाड़ निवासी रहीम खान ने बताया कि शनिवार को अपने भाई शाहरुख की सगाई लेकर सांगोद थाना क्षेत्र के कुन्दनपुर में झालवाड़ से बस से गए थे। लौटते समय रात 11 बजे करीब बारात की बस दरा स्टेशन में कनवास तिराहे पर स्थित ढाबे पर चाय-नाश्ते के लिए रोकी। ढाबे पर शराब के नशे में बैठे कुछ युवकों ने महिलाओं पर फब्तियां कसी। टोकने पर उन्होंने बारात में शामिल युवक साहिल से मारपीट कर दी। बारातियों के बीच बचाव करने पर ढाबे पर बैठे लोगों ने फोन कर और लोगों को बुला लिया। उन्होंने आते ही बारातियों से मारपीट कर दी व बस में तोडफ़ोड़ कर दी। घटना में दूल्हे के पिता मंगू खां व अब्दुल वहीद के चोटे आई। घटना के बाद बस चालक फरार हो गया। एक बाराती बस को चलाकर मोड़क थाने में लाया और रिपोर्ट दर्ज कराई।
Read More: हे भगवान! 3 घंटे दर्द से तड़पता रहा 80 साल का बुजुर्ग, इलाज के बजाए 2 घंटे इधर-उधर घुमाते रहे डॉक्टर
महिलाएं-बच्चे दहशत में
बस में महिलाएं और बच्चे भी थे। अचानक हुए घटनाक्रम से बस में सवार महिलाएं और बच्चे दहशत में आ गए और चीख पुकार मच गई। डरे सहमे महिलाओं बच्चों ने मोड़क थाने में आपबीती सुनाई। जानकारी मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने रात को ही दो जनों को गिरफ्तार कर लिया।
झालवाड़ निवासी अब्दुल वहीद की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर नरेश गुर्जर व रवि गुर्जर को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया है। रिपोर्ट पर अनुसंधान जारी है।
कैलाश चंद, सहायक उपनिरीक्षक, मोड़क थाना