
कुचामन में पदमपुरा रोड़ पर शव मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
कुचामनसिटी. शहर के आचार्यों का मौहल्ला निवासी एक युवक का सोमवार की सुबह पदमपुरा रोड़ स्थित खारड़े में क्षत-विक्षत शव मिला है। युवक की तीन दिन पहले परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, जिस पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार सोमवार की सुबह करीब ७ बजे रेवड़ चराने वाले गड़रिये ने पदमपुरा रोड़ पर स्थित खारड़ा क्षेत्र की झाडिय़ों में एक शव पड़ा होने की सूचना दी। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जानकारी जुटाई। मृतक का शव करीब ३ दिन पुराना था, जिसे जानवरों ने क्षत-विक्षत कर दिया। पुलिस ने आस-पास पूछताछ करने के साथ ही गुमशुदगी के आधार पर शिनाख्तगी के प्रयास किए तो शव की शिनाख्त मूलत: सांभर निवासी चंद्रप्रकाश पुत्र नाथूराम माली 40 वर्ष के रुप में हुई। मृतक कुचामन के आचार्य मौहल्ला में अपने ससुराल रहता था। मृतक ५ जून के बाद घर से लापता था। परिजनों ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दी थी। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने शव क्षत-विक्षत होने से चिकित्सा विभाग को सूचना दी। जिस पर मेडिकल बोर्ड का गठन कर मौके पर ही पोस्टमार्टम कराया गया। बोर्ड में डा. ईशाक देवड़ा, डॉ. प्रहलाद बाजिया व डॉ. राजकुमारसिंह राठौड़ ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर एक बजे शव परिजनो को सौंप दिया। परिजनों ने पुलिस को रिपोर्ट पेश कर मामले की जांच करने के साथ ही हत्या की आशंका जाहिर की है।
Updated on:
8 Jun 2020, 4:43 PM IST
Published on:
8 Jun 2020, 4:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.